Pm Modi Raipur Visit: छत्तीसगढ़ की रजत जयंती पर आएंगे प्रधानमंत्री मोदी, विधानसभा भवन का भी करेंगे लोकार्पण
रायपुर: छत्तीसगढ़ इस वर्ष अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे कर रहा है और इस अवसर को रजत जयंती समारोह के रूप में धूमधाम से मनाया जाएगा। इस ऐतिहासिक मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेंगे और 1 नवंबर को आयोजित मुख्य कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रधानमंत्री से मुलाकात कर उन्हें आमंत्रित किया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है।
प्रधानमंत्री मोदी 31 अक्टूबर की शाम को रायपुर पहुंचेंगे और यहीं रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन वे नवा रायपुर में नवनिर्मित विधानसभा भवन का लोकार्पण करेंगे और राज्योत्सव का विधिवत उद्घाटन भी करेंगे। यह प्रधानमंत्री का छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनने के बाद पहला दो दिवसीय दौरा होगा।
300 करोड़ से बना अत्याधुनिक विधानसभा भवन:
छत्तीसगढ़ की नई राजधानी नवा रायपुर में तैयार हुआ विधानसभा भवन प्रदेश की नई पहचान बनने जा रहा है। यह भवन 52 एकड़ में फैला हुआ है और इसकी लागत 300 करोड़ रुपये से भी अधिक है। इसमें आधुनिक तकनीकी सुविधाओं के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक झलक भी देखने को मिलती है।
विधानसभा भवन को तीन हिस्सों में बांटा गया है—विंग-ए में विधानसभा सचिवालय, विंग-बी में सदन, मुख्यमंत्री और अध्यक्ष के कार्यालय तथा विंग-सी में उपमुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों के कार्यालय होंगे। भवन में 200 विधायकों के बैठने की क्षमता वाला सदन और 500 दर्शकों की क्षमता वाला अत्याधुनिक ऑडिटोरियम भी शामिल है। इस समय इंटीरियर कार्य अंतिम चरण में है।
राज्योत्सव को यादगार बनाने की तैयारी:
छत्तीसगढ़ की स्थापना 1 नवंबर 2000 को हुई थी और इस साल राज्य 25 साल पूरे कर रहा है। इस विशेष अवसर को यादगार बनाने के लिए सरकार ने विशेष तैयारियां की हैं। राज्योत्सव समारोह का आयोजन राजधानी रायपुर में किया जाएगा, जहां प्रधानमंत्री मोदी मुख्य अतिथि होंगे।
इस मौके पर विभिन्न सांस्कृतिक, सामाजिक और विकास से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को लेकर प्रदेश में उत्साह का माहौल है और इसे एक ऐतिहासिक क्षण के रूप में देखा जा रहा है।
