PM Modi-Macron Meeting: मुंबई में PM मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों की मुलाकात, 20 अहम मुद्दों पर बनी सहमति
PM Modi-Macron Meeting: मुंबई में मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के बीच महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक हुई। लोकभवन में आयोजित इस वार्ता में रक्षा, व्यापार, नवाचार, तकनीक, इंडो-पैसिफिक सहयोग और वैश्विक मुद्दों सहित करीब 20 प्रमुख विषयों पर सहमति बनी।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि मुंबई में अपने मित्र राष्ट्रपति मैक्रों से मिलकर उन्हें बेहद खुशी हुई। उन्होंने बताया कि मैक्रों को मुंबई शहर बहुत पसंद आया और उन्होंने सुबह की सैर का भी आनंद लिया।
बैठक के बाद दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और फ्रांस के रिश्ते बेहद खास और ऐतिहासिक हैं। फ्रांस भारत के सबसे पुराने रणनीतिक साझेदारों में से एक है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने आपसी विश्वास और साझा दृष्टिकोण के आधार पर इस साझेदारी को “विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी” के स्तर तक पहुंचाने का निर्णय लिया है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत और फ्रांस मिलकर दुनिया का एकमात्र ऐसा हेलीकॉप्टर बनाएंगे, जो माउंट एवरेस्ट जैसी ऊंचाई पर उड़ान भर सकेगा। इसका निर्माण भारत में होगा और इसे वैश्विक स्तर पर निर्यात किया जाएगा।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि वर्ष 2026 भारत-यूरोप संबंधों के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित होगा। इस दिशा में इंडो-फ्रेंच सेंटर फॉर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इन हेल्थ, इंडो-फ्रेंच सेंटर फॉर डिजिटल साइंस एंड टेक्नोलॉजी और नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर स्किलिंग इन एयरोनॉटिक्स की स्थापना की जाएगी।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की अपनी चौथी आधिकारिक यात्रा के दौरान मिले गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए वे आभारी हैं। उन्होंने भारत-फ्रांस संबंधों को असाधारण बताते हुए कहा कि यह रिश्ता विश्वास, खुलेपन और महत्वाकांक्षा पर आधारित है।
मैक्रों ने कहा कि दोनों देशों ने इंडो-पैसिफिक क्षेत्र, तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इंटरनेशनल सोलर अलायंस जैसे क्षेत्रों में मिलकर महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने कानून के शासन और संतुलित वैश्विक व्यवस्था के प्रति दोनों देशों की प्रतिबद्धता को दोहराया।
