नई दिल्ली में सांसदों के लिए तैयार हुए अत्याधुनिक बहुमंजिला फ्लैट्स, पीएम मोदी ने किया उद्घाटन

पीएम मोदी

पीएम मोदी

नई दिल्ली। राजधानी के बाबा खड़क सिंह मार्ग पर सांसदों के लिए बनाए गए 184 आधुनिक बहुमंजिला फ्लैट्स का सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन किया। इस भव्य कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और किरेन रिजिजू भी शामिल हुए।

पीएम मोदी ने उद्घाटन समारोह के दौरान परिसर में सिंदूर का पौधा भी रोपा और निर्माण में लगे श्रमिकों से मुलाकात कर उनका आभार जताया।

टॉवर्स के नाम भारतीय नदियों पर आधारित

नवनिर्मित रिहायशी परिसर में चार टॉवर्स बनाए गए हैं, जिनके नाम कृष्णा, गोदावरी, कोसी और हुगली जैसे भारत की प्रमुख जीवनदायिनी नदियों पर रखे गए हैं। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर कहा, “ये नदियाँ जिस तरह लोगों को जीवन देती हैं, उसी तरह इन टॉवर्स में रहने वाले जनप्रतिनिधियों की सेवा भावना को नई ऊर्जा मिलेगी।”

विपक्ष पर तंज

इस अवसर पर पीएम मोदी ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि, “कुछ लोगों को कोसी नदी का नाम सुनते ही उसमें भी चुनाव नजर आता है। लेकिन ये परियोजना राजनीति से ऊपर, जनसेवा से जुड़ी है।”

आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं फ्लैट्स

इन टाइप-VII फ्लैट्स का कारपेट एरिया लगभग 5000 वर्ग फीट है और सभी इमारतें भूकंपरोधी बनाई गई हैं। फ्लैट्स में सांसदों के लिए आवासीय सुविधा के साथ-साथ दफ्तर, स्टाफ रूम और सामुदायिक केंद्र भी बनाया गया है।

यह परिसर दिव्यांगजन-अनुकूल है और ग्रीन टेक्नोलॉजी का उपयोग करके पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए निर्मित किया गया है। इसे GRIHA 3-स्टार रेटिंग के मानकों और नेशनल बिल्डिंग कोड 2016 के दिशा-निर्देशों के अनुसार तैयार किया गया है।

“350 नए सांसद आवास बनवाए”

प्रधानमंत्री ने कहा कि, “2014 से पहले वर्षों तक सांसदों के लिए आवास की कमी बनी रही, लेकिन बीते दशक में इसे एक मिशन की तरह लिया गया। अब तक करीब 350 सांसदों के आवास बनाए जा चुके हैं। यह न सिर्फ सुविधा देगा, बल्कि सरकार के किराए पर खर्च होने वाले 1500 करोड़ रुपये प्रति वर्ष की भी बचत होगी।”

Youthwings