त्योहारों पर खरीदें केवल स्वदेशी सामान: पीएम मोदी की देशवासियों से अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार, 25 अगस्त को देशवासियों से ‘स्वदेशी अपनाओ’ का आह्वान करते हुए सभी व्यापारियों और ग्राहकों से अपील की कि इस त्योहार सीजन में केवल देश में बना हुआ सामान (Made in India) ही खरीदें। पीएम मोदी ने यह संदेश अहमदाबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में दिया।

दुकानों पर लगाएं “मेरे यहां स्वदेशी बिकता है” बोर्ड

प्रधानमंत्री ने देशभर के व्यापारियों से आग्रह किया कि वे अपनी दुकानों के बाहर एक बड़ा बोर्ड लगाएं, जिस पर साफ लिखा हो – “मेरे यहां स्वदेशी बिकता है”। उन्होंने कहा कि देश की आत्मनिर्भरता के लिए यह एक छोटा लेकिन असरदार कदम साबित हो सकता है।

त्योहारों को बनाएं आत्मनिर्भरता का उत्सव

पीएम मोदी ने नवरात्रि, दशहरा, धनतेरस और दीपावली जैसे आने वाले त्योहारों का ज़िक्र करते हुए कहा,

“ये त्योहार हमारी संस्कृति का हिस्सा हैं, लेकिन इन्हें आत्मनिर्भर भारत के उत्सव में बदलना होगा। हमें ये संकल्प लेना चाहिए कि जो भी खरीदें, वो स्वदेशी हो।”

उन्होंने यह भी कहा कि व्यापारी वर्ग को चाहिए कि वह विदेशी सामान की बिक्री से बचें, ताकि देश की आर्थिक प्रगति को बल मिल सके।

अमेरिका के टैरिफ फैसले से भारत नाराज

पीएम की यह अपील ऐसे समय आई है जब अमेरिका भारत के उत्पादों पर अतिरिक्त 25% टैरिफ लगाने जा रहा है। अमेरिका का दावा है कि यह कदम भारत द्वारा रूस से तेल आयात के कारण उठाया गया है। भारत ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा है कि यह उसके संप्रभु अधिकारों में हस्तक्षेप है।

राजनीतिक प्रतिक्रिया और समर्थन

पीएम मोदी की अपील को भाजपा नेताओं ने खुला समर्थन दिया है।

  • केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि रक्षाबंधन जैसे पवित्र अवसर पर देश को मजबूत करने का संकल्प लें और सिर्फ स्वदेशी उत्पाद खरीदें।

  • सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विदेशी कंपनियों के मुनाफे का हिस्सा देश विरोधी गतिविधियों जैसे आतंकवाद, नक्सलवाद और धर्मांतरण में लगाया जाता है।

Youthwings