PM मोदी और उनकी मां का AI वीडियो वायरल : बिहार चुनाव से पहले बड़ा सियासी बवाल, BJP ने की कांग्रेस से माफी की मांग
PM मोदी
नई दिल्ली: बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले एक नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस पार्टी द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर एक AI जनरेटेड वीडियो पोस्ट किए जाने के बाद भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गए हैं। वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां हीराबेन मोदी के बीच काल्पनिक बातचीत को दिखाया गया है, जिसे लेकर राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है।
क्या है वायरल वीडियो?
कांग्रेस ने “AI GENERATED” टैग के साथ एक 36-सेकंड का वीडियो शेयर किया है, जिसका कैप्शन है – “मां आती हैं साहब के सपनों में।” वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे दिखने वाले एक पात्र को उनकी दिवंगत मां हीराबेन जैसी महिला के साथ संवाद करते हुए दिखाया गया है।
इस वीडियो में मां अपने बेटे को लोकतंत्र और जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाती नजर आती हैं। हालांकि यह वीडियो व्यंग्य और कल्पना के आधार पर बनाया गया है, लेकिन भाजपा ने इसे “नीच स्तर की राजनीति” करार दिया है।
साहब के सपनों में आईं “माँ”
देखिए रोचक संवाद 👇 pic.twitter.com/aA4mKGa67m
— Bihar Congress (@INCBihar) September 10, 2025
बीजेपी का कांग्रेस पर तीखा हमला
वीडियो वायरल होते ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोला और इसे प्रधानमंत्री की मां पर व्यक्तिगत हमला करार दिया। भाजपा सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल ने कहा “यह भारतीय राजनीति का नया पतन है। पीएम मोदी ने हमेशा अपने पारिवारिक जीवन को राजनीति से दूर रखा है। लेकिन कांग्रेस अब डीपफेक टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर देश को गुमराह कर रही है।”
कंगना का तीखा हमला :
कंगना ने इस वीडियो पर अपनी नाराज़गी जाहिर करते हुए इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा- “किसी भी इंसान से की जाने वाली सबसे घिनौनी और असंवेदनशील हरकत यही है कि वो अपने विरोधी के दिवंगत माता-पिता की छवि को बिगाड़े और उन्हें AI वीडियो में तोड़-मरोड़ कर पेश करे। कांग्रेस ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन का अपमान किया है।
इस वीडियो में उन्हें कांग्रेस का समर्थन करते दिखाया गया है, जो पूरी तरह से झूठ और शर्मनाक है।” कंगना ने आगे कहा- “जो इस दुनिया में नहीं हैं, उनकी पहचान और छवि सबसे ज्यादा असुरक्षित होती है। कोई भी उनकी पहचान या पर्सनैलिटी राइट्स चुरा कर उसका राजनीतिक लाभ नहीं उठा सकता। यह हर स्तर पर गलत है और इस पर न्यायिक कार्रवाई होनी चाहिए।”
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने इसे
“शर्मनाक” और “घिनौना” करार देते हुए कहा कि कांग्रेस ने सभी सीमाएं पार कर दी हैं। अनुराग ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद ने कहा “कांग्रेस ने पीएम की दिवंगत मां को राजनीति में घसीट कर अपना स्तर गिरा दिया है। बिहार की जनता इसका जवाब देगी।” उन्होंने तेजस्वी यादव और राजद-कांग्रेस गठबंधन पर भी हमला बोलते हुए कहा कि “वोटर लिस्ट बहाना है, हार तय है।”
कांग्रेस ने किया वीडियो का बचाव
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने वीडियो का बचाव करते हुए स्पष्ट किया कि इसका उद्देश्य किसी का अपमान नहीं है। उन्होंने कहा “इसमें किसी के प्रति कोई अनादर नहीं है। एक मां अपने बेटे को समझा रही है। इसमें कहां अपमान है? अगर कोई इसे अपमान समझता है तो यह उसकी समस्या है।”
खेड़ा ने आगे कहा कि मोदी जी राजनीति में हैं, और उन्हें विपक्ष के व्यंग्य, आलोचना और सलाह को स्वीकार करना चाहिए। “यह वीडियो व्यंग्य नहीं बल्कि एक सीख है, एक नसीहत है। मोदी जी ‘छूओ मत’ वाली राजनीति नहीं कर सकते।”
पहले भी विवादों में आया था पीएम की मां का जिक्र
यह पहली बार नहीं है जब पीएम मोदी की मां को लेकर राजनीतिक विवाद हुआ हो। इससे पहले अगस्त 2025 में दरभंगा में कांग्रेस-राजद गठबंधन की एक रैली में प्रधानमंत्री और उनकी मां पर आपत्तिजनक नारे लगाने का आरोप लगा था।
उस समय प्रधानमंत्री मोदी ने इसे “देश की हर मां और बहन का अपमान” बताया था। इसके विरोध में भाजपा महिला मोर्चा ने बिहार बंद का आह्वान किया था और कांग्रेस व राजद से माफी की मांग की थी।
