रायपुर में पासपोर्ट सेवा केंद्र तेलीबांधा शिफ्ट, 6 अप्रैल से नई लोकेशन पर सेवाएं

रायपुर। रायपुर में पासपोर्ट सेवा केंद्र को श्याम प्लाजा से स्थानांतरित कर तेलीबांधा स्थित वन हाई स्ट्रीट कॉम्प्लेक्स में शिफ्ट किया जा रहा है। सीमित जगह के कारण यह निर्णय लिया गया है और नया केंद्र सेकेंड फ्लोर पर आधुनिक सुविधाओं के साथ तैयार किया जा रहा है।

 

क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी बीएस राणा के अनुसार 6 अप्रैल से सभी सेवाएं नए कार्यालय से ही संचालित होंगी। इस तारीख के बाद ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेने वाले आवेदकों को नए पते पर ही जाना होगा। साथ ही पुराने लंबित आवेदनों का निपटारा भी इसी केंद्र में किया जाएगा।

 

नए केंद्र में बेहतर पार्किंग, बैठने की सुविधा और हाईटेक सिस्टम उपलब्ध होंगे, जिससे आवेदकों को अधिक सुविधा मिलेगी। इसका लाभ रायपुर के साथ-साथ भिलाई, बिलासपुर और महासमुंद से आने वाले लोगों को भी मिलेगा।

 

वहीं, डीडी नगर स्थित पासपोर्ट कार्यालय अपने वर्तमान स्थान से ही संचालित होता रहेगा और वहां से संबंधित सभी कार्य पूर्व की तरह जारी रहेंगे। पासपोर्ट प्रक्रिया के बाद दस्तावेज डीडी नगर कार्यालय से जारी कर स्पीड पोस्ट के माध्यम से आवेदकों के घर भेजे जाएंगे।

Youthwings