Parliament Winter Session 2025 Updates: लोकसभा ठप, राज्यसभा में वॉकआउट! आखिर क्यों SIR बना संसद का सबसे बड़ा फ्लैशपॉइंट?
Parliament Winter Session 2025 Updates: संसद के शीतकालीन सत्र की कार्यवाही सोमवार को शुरू होते ही SIR (एसआईआर) मुद्दे को लेकर विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। विपक्ष लगातार इस विषय पर तत्काल चर्चा की मांग कर रहा है। हंगामे की वजह से लोकसभा की कार्यवाही मंगलवार, 2 दिसंबर तक स्थगित कर दी गई।
सरकार किसी भी मुद्दे पर चर्चा को तैयार – रिजिजू
राज्यसभा में संसदीय कार्य मंत्री किरन रिजिजू ने विपक्ष की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार किसी भी मुद्दे, चाहे वह SIR हो या चुनाव सुधार, पर चर्चा से पीछे नहीं हट रही। उन्होंने कहा कि विपक्ष को लचीला रवैया अपनाना चाहिए, क्योंकि “आज ही चर्चा” की शर्त मुश्किल पैदा करती है।
कल संसद परिसर में विपक्ष का प्रदर्शन
विपक्ष SIR के मुद्दे पर जोर दे रहा है और इसी को लेकर 2 दिसंबर को संसद परिसर में बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया है।
राज्यसभा से कांग्रेस का वॉकआउट
SIR और BLO संबंधी मुद्दों पर चर्चा न होने से नाराज कांग्रेस ने राज्यसभा से वॉकआउट किया। पार्टी का आरोप है कि कई लोगों की मौत के बावजूद सरकार चर्चा से बच रही है। कांग्रेस ने कहा कि यह लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास है।
SIR पर धांधली के आरोप – सौरभ भारद्वाज
AAP दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि SIR के नाम पर पूरे देश में धांधली चल रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग कथित तौर पर भाजपा के पक्ष में वोटर लिस्ट में हेरफेर कर रहा है और हरियाणा से बिहार तक वोटरों को ले जाने के लिए मुफ्त टिकट व पैसे देकर मतदान प्रभावित करने की कोशिश की गई।
हंगामे के बीच मणिपुर GST (दूसरा संशोधन) बिल पारित
विपक्ष के भारी विरोध और नारेबाजी के बीच वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मणिपुर जीएसटी संशोधन बिल सदन में पेश किया, जिसे हंगामे के बावजूद पारित कर दिया गया।
