Bangladesh Election 2026: बांग्लादेश चुनाव पर पाकिस्तान की पैनी नजर, 30 से ज्यादा पत्रकार ढाका पहुंचे

Bangladesh Election 2026: बांग्लादेश में 12 फरवरी को होने वाले संसदीय चुनाव से ठीक पहले पाकिस्तान की सक्रियता अचानक बढ़ गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान के 30 से अधिक पत्रकार और कई सिविल सोसाइटी एक्टिविस्ट ढाका पहुंचे हैं, जो चुनाव प्रक्रिया को कवर करेंगे। बताया जा रहा है कि इतने बड़े पैमाने पर पाकिस्तानी मीडिया प्रतिनिधियों का एक साथ बांग्लादेश पहुंचना पहली बार हुआ है।

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार और चुनाव आयोग ने विभिन्न देशों के पत्रकारों और पर्यवेक्षकों को चुनाव कवरेज के लिए आमंत्रित किया था। सूत्रों के हवाले से सामने आया है कि इस्लामाबाद स्थित बांग्लादेश हाई कमीशन ने पाकिस्तानी पत्रकारों को प्राथमिकता के आधार पर वीजा दिलाने में सहायता की। उनके ठहरने और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए। खबर यह भी है कि ढाका में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल के आवास का खर्च अंतरिम सरकार द्वारा उठाया जा रहा है।

ढाका पहुंचने के तुरंत बाद पाकिस्तान हाई कमीशन ने पत्रकारों और डेलीगेशन के लिए डिनर रिसेप्शन आयोजित किया, जिससे इस दौरे की कूटनीतिक अहमियत साफ झलकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि पाकिस्तान लंबे समय से ‘नैरेटिव बिल्डिंग’ को रणनीतिक तौर पर इस्तेमाल करता रहा है। भारत के पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन ने भी हाल में कहा था कि पाकिस्तान ने आजादी के बाद से ही मीडिया और नैरेटिव को अपनी रणनीति का अहम हिस्सा बना लिया था।

ढाका पहुंचे प्रतिनिधियों में जियो न्यूज, ARY न्यूज, समा न्यूज, PTV न्यूज और पाकिस्तान टीवी जैसे प्रमुख मीडिया संस्थानों के पत्रकार शामिल बताए जा रहे हैं। सूत्रों का दावा है कि पाकिस्तान के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने घरेलू मीडिया को बांग्लादेश चुनाव की विस्तृत कवरेज देने के निर्देश जारी किए हैं। कुछ प्रतिनिधियों को पाकिस्तान-बांग्लादेश संबंधों पर सकारात्मक रिपोर्टिंग के लिए भी कहा गया है।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि पाकिस्तान की सेना बांग्लादेश में हो रहे राजनीतिक घटनाक्रम पर करीबी नजर बनाए हुए है। इसे दक्षिण एशिया में अपनी रणनीतिक दिलचस्पी के रूप में देखा जा रहा है। हाल के महीनों में दोनों देशों के बीच संबंधों में कुछ सुधार देखा गया है, खासकर शेख हसीना सरकार के पतन के बाद सैन्य और कूटनीतिक स्तर पर संवाद बढ़ा है।

चुनाव से पहले इस तरह की सक्रियता ने क्षेत्रीय राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है।

Youthwings