Pakistan Airstrikes on Afghanistan: पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में की एयरस्ट्राइक, TTP के 7 ठिकाने निशाने पर, 28 मौतें
Pakistan Airstrikes on Afghanistan: पाकिस्तान ने शनिवार (21 फरवरी) देर रात अफगानिस्तान के भीतर सीमा पार हवाई हमले किए। इस्लामाबाद के मुताबिक यह कार्रवाई उन आतंकी ठिकानों के खिलाफ की गई, जिन्हें पाकिस्तान में हाल के आत्मघाती और आतंकी हमलों के लिए जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। इन हमलों में कम से कम 28 लोगों के मारे जाने की खबर है।
पाकिस्तानी अधिकारियों ने बताया कि यह ऑपरेशन डूरंड लाइन के पास अफगानिस्तान के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी इलाकों में अंजाम दिया गया। हमलों में प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और इस्लामिक स्टेट-खोरासान (ISKP) से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाया गया। ‘डॉन’ की रिपोर्ट के अनुसार सीमा पार सात आतंकी कैंपों को टारगेट किया गया।
सूत्रों के अनुसार पाकिस्तानी वायुसेना ने पक्तिका प्रांत के बरमल जिले में कई स्थानों पर बमबारी की। मरघा इलाके में एक के बाद एक कई धमाकों की आवाजें सुनी गईं, जिससे यह एक समन्वित सैन्य अभियान प्रतीत होता है। कुछ रिपोर्टों में बानुसी मदरसे पर मिसाइल हमले का भी दावा किया गया है, जिससे नागरिक हताहतों की आशंका जताई जा रही है।
बताया गया है कि यह कार्रवाई पक्तिका के अलावा खोस्त, पक्तिया और नंगरहार प्रांतों तक फैली हुई थी। ऑपरेशन के दौरान पाकिस्तानी वायुसेना ने F-16 और JF-17 थंडर लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल किया।
इस्लामाबाद ने आधिकारिक बयान में कहा कि उसके पास पुख्ता सबूत हैं कि हाल में पाकिस्तान के भीतर हुए हमलों की साजिश अफगानिस्तान में मौजूद नेतृत्व के इशारे पर रची गई थी। इससे पहले खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू जिले में एक इंटेलिजेंस आधारित ऑपरेशन के दौरान आत्मघाती हमले में दो पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मियों की मौत हुई थी।
वहीं, अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने इन हमलों को देश की संप्रभुता का उल्लंघन बताया है। विदेश मंत्रालय ने आरोप लगाया कि पाकिस्तानी सैन्य कार्रवाई में नागरिक क्षेत्रों को निशाना बनाया गया, जिसमें महिलाओं और बच्चों समेत कई लोग मारे गए और घायल हुए हैं।
इस घटना के बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
