धान खरीदी समय-सीमा बढ़ाने पर भूपेश बघेल ने जताया आभार, कहा- “एक-एक दाना खरीदा जाना चाहिए”
Bhupesh Baghel
रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की समय-सीमा बढ़ाए जाने पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए बघेल ने कहा कि उन्हें अभी-अभी मीडिया से सूचना मिली है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धान खरीदी की अवधि 5 और 6 फरवरी तक दो दिन और बढ़ाने की घोषणा की है, ताकि बचे हुए किसान अपना धान बेच सकें।
भूपेश बघेल ने लिखा कि आज ही उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर धान खरीदी की समय-सीमा बढ़ाने का अनुरोध किया था। उन्होंने मुख्यमंत्री के इस फैसले का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया है।
साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसानों से धान का एक-एक दाना खरीदा जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि धान खरीदी में किसी भी तरह की आंकड़ों की बाजीगरी की गई या किसानों का धान नहीं खरीदा गया, तो कांग्रेस इसे लेकर फिर मुखर होकर विरोध करेगी।
पत्र में क्या लिखा था?
भूपेश बघेल ने अपने पत्र में कहा था कि खरीफ विपणन वर्ष में अभी भी कई किसानों के पास धान बचा हुआ है। ऐसे में यदि समय-सीमा नहीं बढ़ाई गई तो किसानों को भारी नुकसान होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया था कि बचे हुए धान की खरीदी सुनिश्चित करने के लिए अवधि बढ़ाई जाए।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अनुरोध को स्वीकार करते हुए 5 और 6 फरवरी तक खरीदी बढ़ाने का ऐलान किया है। इस फैसले से उन किसानों को राहत मिलेगी जिनका धान अभी तक नहीं बिका था।
