‘आंख खुली, तो चारों तरफ लाशें और मलबा…’ 241 की मौत, सिर्फ एक शख्स जिंदा बचा – रमेश विश्वास कुमार, पढ़िए उनकी चमत्कारी कहानी

अहमदाबाद – गुजरात के अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे में देश ने एक और बड़ी त्रासदी देखी। एयर इंडिया की इस फ्लाइट में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें से 241 लोगों की मौत हो गई। लेकिन इस दर्दनाक हादसे में एकमात्र जीवित बचे यात्री की कहानी सबको हैरान कर रही है। रमेश विश्वास कुमार, 40 वर्षीय भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक, सीट नंबर 11A पर बैठे थे और वह इस खौफनाक हादसे के बाद अपने पैरों पर चलकर मलबे से बाहर निकले।

कैसे बची जान?

रमेश ने बताया, “टेकऑफ के कुछ सेकंड बाद ही जोरदार धमाका हुआ। सब चीखने लगे। जब आंख खुली, तो चारों तरफ लाशें और मलबा था। मैंने सीट बेल्ट खोली और किसी तरह बाहर निकल गया।” उनका यह कहना कि जिस हिस्से में वे बैठे थे, वह एक हॉस्टल की ग्राउंड फ्लोर पर गिरा, जहां थोड़ी खुली जगह थी – वही उनके बचने का कारण बना। हादसे में उनके बाएं हाथ में जलन हुई लेकिन वे खुद एंबुलेंस तक पहुंच सके।

प्रधानमंत्री ने की मुलाकात:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को विश्वास से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। विश्वास ने बताया कि टेकऑफ के लगभग एक मिनट के भीतर ही विमान में अचानक झटका महसूस हुआ, जैसे प्लेन जम गया हो। उन्होंने बताया कि फ्लाइट का जो हिस्सा हादसे के दौरान टूटा, वह पास ही स्थित एक हॉस्टल की ग्राउंड फ्लोर पर गिरा। संयोगवश, जिस ओर वह बैठे थे, उस तरफ थोड़ी खाली जगह थी, जिससे उन्हें बाहर निकलने का रास्ता मिल गया। हादसे के वक्त वहां आग लग गई थी, जिससे उनका बायां हाथ जल गया। बाद में लोगों ने उन्हें ढूंढ़कर एंबुलेंस में पहुंचाया। रमेश बेहद भावुक नजर आए और बताया कि उनका भाई अशोक भी उसी फ्लाइट में था, जो अब तक लापता है।

वीडियो हुआ वायरल:

रमेश का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वे खून से लथपथ, चोटिल चेहरे के साथ मलबे से बाहर निकलते दिख रहे हैं। इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर लोगों को भावुक कर दिया है। रमेश पिछले 20 सालों से लंदन में रह रहे हैं और हाल ही में अपने भाई के साथ दीव यात्रा पर आए थे। वह अपने बोर्डिंग पास को भी सुरक्षित रूप से थामे हुए थे।

 

 

Youthwings