PPE किट पहनकर सड़क पर उतरे NHM कर्मचारी, भीख मांगकर किया विरोध प्रदर्शन
मनेंद्रगढ़। नियमितीकरण और अन्य मांगों को लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल लगातार जारी है। कर्मचारियों ने बुधवार को अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने कोरोना काल में इस्तेमाल की जाने वाली PPE किट पहनकर बाजार में भीख मांगी और शासन-प्रशासन को अपने योगदान की याद दिलाई।
कोरोना की याद दिलाई
NHM कर्मचारियों ने PPE किट पहनकर कटोरे में भीख मांगते हुए कहा कि जिस तरह कोरोना महामारी के दौरान उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की सेवा की थी, वैसा ही समर्पण आज भी उनके भीतर है। लेकिन सरकार उनकी अनदेखी कर रही है। कर्मचारियों का कहना है कि अगर सरकार बजट न होने का बहाना बना रही है, तो वे खुद भीख मांगकर फंड इकट्ठा करेंगे और उसे मनी ऑर्डर के जरिए सरकार को भेज देंगे।
चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्था
एनएचएम कर्मचारियों की इस हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं। कई स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों में कामकाज ठप हो गया है। मरीजों को इलाज के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें मजबूरी में यह कदम उठाना पड़ा है क्योंकि सरकार लगातार उनकी मांगों की अनदेखी कर रही है।
“परिवार की जिम्मेदारी भी है”
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कहा कि कोरोना काल में उन्होंने जान हथेली पर रखकर काम किया। कई कर्मचारियों ने अपनी जान गंवाई, लेकिन फिर भी उन्होंने अपनी जिम्मेदारी निभाई। अब समय आ गया है कि सरकार भी उनकी मेहनत का सम्मान करे। उनका कहना है कि नौकरी में स्थायित्व न होने से परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है।
ये हैं एनएचएम कर्मचारियों की मांगें
- नियमितीकरण
- पब्लिक हेल्थ कैडर की स्थापना
- ग्रेड पे निर्धारण
- लंबित 27% वेतन वृद्धि
- CR सिस्टम में ट्रांसपेरेंसी
- रेगुलर भर्ती में सीटों का आरक्षण
- अनुकंपा नियुक्ति
- मेडिकल और दूसरे लीव की सुविधा
- ट्रांसफर पॉलिसी
- मिनिमम 10 लाख तक कैश-लेस मेडिकल इंश्योरेंस
