महिला न्यूज़ एंकर ने दफ्तर में लगाई फांसी, सुसाइड नोट में लिखा— “मुझे माफ़ करना
एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक स्थानीय डिजिटल न्यूज़ पोर्टल में काम करने वाली महिला एंकर ने दफ्तर के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। मृतका की पहचान रितुमोनी रॉय के रूप में हुई है। रितुमोनी का विवाह अगले महीने होने वाला था, लेकिन खुशियों के बीच उनके इस कदम ने परिवार को सदमे में डाल दिया है।
ऑफिस में मिला शव, साथी कर्मचारी दंग
जानकारी के मुताबिक, 23 नवंबर को रितुमोनी अपने ऑफिस पहुंची थीं, लेकिन शिफ्ट खत्म होने के बाद रात को घर नहीं लौटीं। सोमवार सुबह जब कार्यालय के कर्मचारी दफ्तर पहुंचे, तो उन्होंने रितुमोनी का शव लटका हुआ देखा। यह नज़ारा देखकर सभी के होश उड़ गए।
वीडियो में कैद हुई आखिरी पल की तस्वीरें
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें रितुमोनी को टेबल पर चढ़कर फांसी का फंदा लगाते हुए देखा जा सकता है। यह वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों को झकझोर रहा है।
क्या लिखा था सुसाइड नोट में?
पुलिस को घटनास्थल से एक छोटा-सा सुसाइड नोट मिला है, जिसमें लिखा है— “यह सबके भले के लिए है, मुझे माफ़ करना।”
इसके अलावा नोट में कुछ और नहीं लिखा गया है। पुलिस इस नोट को क्लू के तौर पर जांच में शामिल कर रही है।
शादी से सिर्फ 12 दिन पहले क्यों किया आत्महत्या?
परिवार के अनुसार रितुमोनी की शादी 5 दिसंबर को होने वाली थी और कार्ड भी बांटे जा चुके थे। घटना से एक रात पहले वह एक दोस्त के घर प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन में शामिल हुई थीं। उसके बाद वह ऑफिस पहुंचीं और देर रात यह कदम उठा लिया।
क्या आर्थिक संकट था वजह?
पारिवारिक सूत्रों का कहना है कि रितुमोनी कुछ समय से आर्थिक परेशानियों से जूझ रही थीं। हालांकि, आत्महत्या की असली वजह का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं—व्यक्तिगत, आर्थिक और पेशेवर—की बारीकी से जांच कर रही है।
