New Rules September 2025: सितंबर से लागू हुए बड़े बदलाव, एलपीजी से लेकर बैंक छुट्टियों तक, हर जेब पर पड़ेगा असर
New Rules September 2025
New Rules September 2025: सितंबर 2025 की शुरुआत होते ही आम लोगों की जिंदगी से जुड़े कई बड़े बदलाव लागू हो गए हैं। इनमें एलपीजी सिलेंडर से लेकर हवाई यात्रा, क्रेडिट कार्ड, पोस्ट ऑफिस और बैंक छुट्टियों से जुड़े नए नियम शामिल हैं। इन बदलावों का असर सीधे हर घर और हर जेब पर पड़ने वाला है। आइए जानते हैं 1 सितंबर 2025 से लागू हुए इन अहम बदलावों के बारे में विस्तार से—
एलपीजी सिलेंडर सस्ता हुआ
महीने की सबसे राहतभरी खबर एलपीजी सिलेंडर से जुड़ी है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में 51.50 रुपये तक की कटौती की है। अब दिल्ली में इसका दाम 1631.50 रुपये से घटकर 1580 रुपये, कोलकाता में 1734.50 रुपये से घटकर 1684 रुपये, मुंबई में 1582.50 रुपये से घटकर 1531.50 रुपये और चेन्नई में 1789 रुपये से घटकर 1738 रुपये हो गया है। हालांकि, 14 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
हवाई यात्रा होगी सस्ती
यात्रियों के लिए दूसरी बड़ी राहत हवाई टिकटों में मिलने वाली संभावित सस्ती दरों से जुड़ी है। अगस्त में हवाई ईंधन (एटीएफ) की कीमतों में हुई 3 फीसदी बढ़ोतरी के बाद, सितंबर की शुरुआत में ऑयल कंपनियों ने इसमें कटौती की है। नई दरों के मुताबिक दिल्ली में एटीएफ की कीमत 92,021.93 रुपये प्रति किलोलीटर से घटकर 90,713.52 रुपये हो गई है। कोलकाता में 95,512.26 रुपये से घटकर 93,886.18 रुपये, मुंबई में 84,832.83 रुपये और चेन्नई में 94,151.96 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है। इससे एयरलाइंस की लागत घटेगी और यात्रियों का सफर सस्ता हो सकता है।
एसबीआई क्रेडिट कार्ड पर बदले नियम
क्रेडिट कार्ड होल्डर्स के लिए सितंबर की शुरुआत थोड़ी निराशाजनक रही है। एसबीआई कार्ड्स ने अपने कुछ कार्ड धारकों के लिए रिवॉर्ड प्वाइंट्स पर बदलाव किया है। अब लाइफ स्टाइल होम सेंटर एसबीआई कार्ड, सिलेक्ट और प्राइम कार्डधारकों को ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म्स, सरकारी पोर्टल्स और मर्चेंट ट्रांजैक्शन पर रिवॉर्ड प्वाइंट्स नहीं मिलेंगे।
भारतीय डाक में बड़ा बदलाव
डाक विभाग ने भी 1 सितंबर से एक अहम बदलाव लागू किया है। अब घरेलू स्तर पर डाक सेवा को स्पीड पोस्ट में मर्ज कर दिया गया है। यानी रजिस्टर्ड पोस्ट अब स्पीड पोस्ट की तरह ही भेजी और डिलीवर की जाएगी। इससे डाक सेवा तेज और सुविधाजनक होने की उम्मीद है।
सितंबर में बैंकों की बंपर छुट्टियां
बैंकिंग कामकाज करने वालों को इस महीने थोड़ी दिक्कत आ सकती है। सितंबर 2025 में कुल 15 दिन बैंकों की छुट्टियां रहेंगी। ये छुट्टियां अलग-अलग राज्यों में त्योहारों और आयोजनों के अनुसार होंगी। ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि बैंक जाने से पहले आरबीआई की हॉलिडे लिस्ट जरूर देख लें। हालांकि, छुट्टियों के दौरान ग्राहक ऑनलाइन बैंकिंग सेवाओं का उपयोग करके अपने लेनदेन आसानी से कर सकेंगे।
सितंबर की शुरुआत एलपीजी और हवाई यात्रा में राहत लेकर आई है, लेकिन क्रेडिट कार्ड और बैंकिंग सेवाओं से जुड़े बदलाव थोड़ी असुविधा दे सकते हैं। वहीं, भारतीय डाक में हुए रूल चेंज से सेवा और तेज हो जाएगी। कुल मिलाकर ये सभी बदलाव आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को सीधे प्रभावित करेंगे।
