New Income Tax Bill: लोकसभा में हंगामे के बीच बिना चर्चा पारित, विपक्ष का विरोध

New Income Tax Bill

New Income Tax Bill

New Income Tax Bill: लोकसभा में सोमवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए दो महत्वपूर्ण कर विधेयक — आयकर (संख्या 2) विधेयक, 2025 और कराधान कानून (संशोधन) विधेयक, 2025 — विपक्षी दलों के हंगामे के बीच बिना किसी बहस के ध्वनिमत से पारित कर दिए गए। इन विधेयकों का उद्देश्य छह दशक पुराने आयकर अधिनियम, 1961 को बदलना और कर प्रणाली में संशोधन करना है।

यह विधेयक पहले 13 फरवरी को पेश किया गया था, लेकिन प्रवर समिति की सिफारिशों को शामिल करने के लिए इसे वापस लेकर संशोधित मसौदा 11 अगस्त को दोबारा पेश किया गया। नए संस्करण में बैजयंत पांडा की अध्यक्षता वाली समिति की अधिकांश सिफारिशें शामिल की गई हैं, जैसे संपत्ति के वार्षिक मूल्य, गृह संपत्ति आय में कटौती, वेतन कटौती और वाणिज्यिक संपत्तियों पर कराधान से जुड़े प्रावधानों में सुधार।

विपक्ष ने इस प्रक्रिया पर आपत्ति जताई। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि बिना चर्चा के इतना बड़ा कानून पास करना भाजपा के काम करने का तरीका है और यह लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है।

कराधान कानून (संशोधन) विधेयक, 2025 का मकसद एकीकृत पेंशन योजना के अंशधारकों को कर लाभ देना, आयकर तलाशी मामलों की ब्लॉक मूल्यांकन योजना में बदलाव करना और सऊदी अरब के सार्वजनिक निवेश कोषों को कर रियायतें प्रदान करना है।

Youthwings