Nepal Gen-z-Protests Update: नेपाल में उग्र प्रदर्शन, भारतीय नागरिक समेत 51 लोगों की मौत
Nepal Gen-z-Protests Update
Nepal Gen-z-Protests Update: नेपाल में फैले ज़ेन-ज़ी (Gen Z) नेतृत्व वाले सरकार विरोधी प्रदर्शनों ने पूरे देश को हिला कर रख दिया है। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार (12 सितंबर) तक मृतकों की संख्या बढ़कर 51 हो गई है। इनमें एक भारतीय नागरिक, तीन नेपाली पुलिसकर्मी और अन्य स्थानीय लोग शामिल हैं।
कैसे भड़के हालात
सप्ताह की शुरुआत में हजारों युवाओं ने सोशल मीडिया साइट्स पर लगाए गए प्रतिबंध और व्यापक भ्रष्टाचार के खिलाफ सड़कों पर उतरकर विरोध शुरू किया। सोमवार को संसद भवन के बाहर पुलिस फायरिंग में कम से कम 19 लोगों की मौत हुई, जिनमें ज्यादातर छात्र थे।
मृतकों और घायलों का आंकड़ा
नेपाल पुलिस के वरिष्ठ अधीक्षक और सह प्रवक्ता रमेश थापा ने बताया कि कुल मृतकों में एक भारतीय नागरिक और तीन पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, त्रिभुवन यूनिवर्सिटी टीचिंग अस्पताल, महाराजगंज में 36 शवों का पोस्टमॉर्टम शुरू हो चुका है। गुरुवार और शुक्रवार को देश के विभिन्न हिस्सों से 17 शव बरामद किए गए।
राजनीतिक भूचाल
प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली ने सोमवार के प्रदर्शनों के दौरान हुई मौतों के बाद मंगलवार को इस्तीफा दे दिया। हालांकि उनके इस्तीफे के बावजूद हिंसा नहीं थमी। प्रदर्शनकारियों ने संसद, राष्ट्रपति भवन, प्रधानमंत्री आवास, सरकारी इमारतों, राजनीतिक दलों के दफ्तरों और कई वरिष्ठ नेताओं के घरों में आग लगा दी।
अंतिम संस्कार और राहत कार्य
शुक्रवार दोपहर कई शवों का अंतिम संस्कार काठमांडू के पशुपतिनाथ मंदिर के पास बागमती नदी किनारे आर्यघाट में किया गया। इस हिंसा में करीब 1,700 लोग घायल हुए, जिनमें से लगभग 1,000 लोग उपचार के बाद घर लौट चुके हैं।
धीरे-धीरे बहाल हो रही पुलिस व्यवस्था
काठमांडू घाटी में पुलिस चौकियों और थानों को दोबारा चालू करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जो चौकियां और पोस्ट तोड़ी-फोड़ी या आगजनी का शिकार हुई थीं, वहां पुलिस की तैनाती धीरे-धीरे बहाल की जा रही है।
