IED Blast in Bijapur: बीजापुर में नक्सलियों ने किया IED ब्लास्ट, 1 जवान घायल; हायर सेंटर में चल रहा इलाज, इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज
IED Blast in Bijapur
बीजापुर। IED Blast in Bijapur: नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के भोपालपटनम क्षेत्र में सोमवार को एक बार फिर माओवादियों ने विस्फोट की घटना को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि इस दौरान हुए IED ब्लास्ट में सुरक्षा बल का एक जवान घायल हो गया। फिलहाल घायल जवान को उपचार के लिए हायर सेंटर भेजा गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, भोपालपटनम थाना क्षेत्र के अंतर्गत सुरक्षा बलों की टीम सोमवार सुबह एरिया डॉमिनेशन ड्यूटी पर निकली थी। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर IED की चपेट में एक जवान आ गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास का इलाका गूंज उठा। हालांकि बाकी जवानों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए घायल साथी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और इलाके को घेर लिया।
घायल जवान को हेलिकॉप्टर की मदद से हायर सेंटर शिफ्ट किया गया है। डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है। घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों ने आसपास के क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। इलाके में संभावित नक्सलियों की मौजूदगी की जांच के लिए पुलिस और CRPF की संयुक्त टीमें तैनात कर दी गई हैं।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में बीजापुर और कांकेर जिलों में नक्सलियों द्वारा IED ब्लास्ट की घटनाएं बढ़ी हैं। इससे पहले शनिवार को पुजारी कांकेर क्षेत्र में भी प्रेशर IED विस्फोट में एक जवान घायल हुआ था। सुरक्षा बलों की टीम उस दिन भी एरिया डॉमिनेशन पर निकली थी, जब नक्सलियों द्वारा प्लांट किया गया IED अचानक फट गया था।
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, नक्सली त्योहारों के दौरान अपनी सक्रियता बढ़ा देते हैं ताकि सुरक्षा बलों पर दबाव बनाया जा सके। इसी वजह से पूरे दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा क्षेत्रों में फिलहाल हाई अलर्ट जारी है।
