Naxalites Arrested: बस्तर से रायपुर तक फैला नक्सली जाल, पुलिस ने राजधानी में पकड़ा सक्रिय दंपत्ति

Naxalites Arrested

Naxalites Arrested

रायपुर। Naxalites Arrested: राजधानी रायपुर में पुलिस और नक्सल विरोधी दस्ता (DVCM टीम) को बड़ी सफलता मिली है। माओवादी संगठन से जुड़े एक पति-पत्नी को गिरफ्तार किया गया है। दोनों फर्जी पहचान पत्र बनाकर शहर में रह रहे थे और लंबे समय से नक्सली संगठन को मदद पहुंचा रहे थे।

फर्जी पहचान बनाकर रह रहे थे आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जग्गू उर्फ़ रमेश कुरसम (28) और उसकी पत्नी कमला कुरसम (27) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह दंपत्ति वर्ष 2017-18 से नक्सली संगठन में सक्रिय था। पुलिस को संदेह है कि दोनों बीते 5-6 साल से रायपुर के अलग-अलग इलाकों में रह रहे थे।

किराए के मकान में दबिश

डीडी नगर थाना क्षेत्र के चंगोराभाठा इलाके में किराए के मकान से इन दोनों को पकड़ा गया। कमला ने मकान मालिक को फर्जी आधार कार्ड देकर मकान किराए पर लिया था और इलाज के बहाने रहने लगी थी। मकान में घेराबंदी कर जब पुलिस ने पूछताछ की, तो उन्होंने पहले गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती के बाद सच सामने आ गया।

अफसरों के घर में नौकरी

जांच में यह भी पता चला है कि जग्गू ने रायपुर में कई बड़े अफसरों के घर ड्राइवर और गार्ड के रूप में नौकरी की थी। पुलिस ने उनके पास से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं, जिनसे नक्सली संगठन से उनके जुड़ाव के सबूत मिल सकते हैं।

कोर्ट में पेशी

गिरफ्तारी के बाद दोनों को बिलासपुर स्थित NIA कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने कमला को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि जग्गू को पुलिस रिमांड में लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों ने नक्सली संगठन को किस तरह की जानकारी पहुंचाई और किन-किन जगहों पर काम किया।

बस्तर में नक्सलवाद पर लगाम

इसी बीच, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बस्तर जिले को नक्सल प्रभावित जिलों की सूची से हटा दिया है। अब बस्तर में नक्सलवाद सिमट कर सिर्फ नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा तक रह गया है। 2024 में ही 287 नक्सली मारे गए, 1000 गिरफ्तार हुए और 837 ने आत्मसमर्पण किया। 1970 के बाद यह नक्सलवाद के लिए सबसे कमजोर दौर माना जा रहा है।

Youthwings