बीजापुर मुठभेड़ में बढ़ी नक्सलियों की मौत का आंकड़ा, 18 शव बरामद—3 शहीद जवानों को दी गई अंतिम सलामी
बीजापुर मुठभेड़ में शहीद जवानों को दी गई अंतिम विदाई
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान हुई मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है। सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ स्थल से सभी शव बरामद कर लिए हैं। यह बड़ी कार्रवाई गंगालूर क्षेत्र में चल रहे संयुक्त ऑपरेशन के दौरान हुई।
वीर शहीदों को दी गई सलामी
इस मुठभेड़ में DRG के तीन जवान शहीद हुए, जिनको पुलिस लाइन स्थित शहीद वाटिका में अंतिम सलामी दी गई।
शहीद हुए जवान—
प्रधान आरक्षक मोनू वडाड़ी
आरक्षक दुकारू गोंडे
जवान रमेश सोड़ी
घायल जवान सुरक्षित, हथियारों का जखीरा मिला
मुठभेड़ में घायल हुए तीन जवानों में से दो की हालत अब स्थिर बताई जा रही है। सुरक्षा बलों ने घटनास्थल से SLR, 303 और INSAS राइफलें समेत कई हथियार बरामद किए हैं। एसपी जितेंद्र यादव ने बताया कि इलाके में सर्चिंग अभी भी जारी है और अतिरिक्त बल मौके पर तैनात किया गया है।
कुख्यात नक्सली कमांडर मंगू मोडियम भी मारा गया
इस कार्रवाई में नक्सलियों के गंगालूर एरिया कमेटी के कुख्यात कमांडर वेल्ला मोडियम उर्फ मंगू मोडियम का भी खात्मा हो गया। वह कई हत्याओं और बड़े नक्सली हमलों का मास्टरमाइंड था और संगठन के इंटेलिजेंस विंग का प्रमुख माना जाता था।
घेरा और मजबूत, गिनती बढ़ने की आशंका
सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर रखा है और जवान जंगलों में गहन सर्चिंग कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि नक्सलियों के मारे गए सदस्यों की संख्या और बढ़ सकती है।
