Naxali Barse Deva Surrender: माओवादी मोर्चे पर बड़ा घटनाक्रम, बटालियन नंबर-1 का कमांडर बारसे देवा करेगा सरेंडर
Naxali Barse Deva Surrender: नक्सल प्रभावित इलाकों से एक बड़ी और अहम खबर सामने आई है। माओवादी संगठन की बटालियन नंबर-1 का कुख्यात कमांडर बारसे देवा आत्मसमर्पण की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक, बारसे देवा के साथ करीब 40 माओवादी कैडर नेशनल पार्क क्षेत्र से निकलकर तेलंगाना पहुंच चुके हैं, जहां वे सरेंडर की प्रक्रिया पूरी करेंगे।
जानकारी के अनुसार, बारसे देवा और अन्य माओवादी तेलंगाना के डीजीपी के समक्ष आत्मसमर्पण करेंगे। संभावना है कि तेलंगाना पुलिस अगले एक-दो दिनों में औपचारिक रूप से सरेंडर की घोषणा कर सकती है। सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे घटनाक्रम को बेहद संवेदनशील मानते हुए लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
नक्सलवाद के खिलाफ अभियान को बड़ी सफलता
माओवादी कमांडर का यह आत्मसमर्पण केंद्र और राज्य सरकारों के नक्सल उन्मूलन अभियान के लिहाज से बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि मार्च 2026 तक देश को पूरी तरह नक्सल मुक्त किया जाए। ऐसे में बटालियन स्तर के वरिष्ठ कमांडर का सरेंडर सुरक्षा बलों के मनोबल को मजबूत करने वाला कदम माना जा रहा है।
सुरक्षा सूत्रों का कहना है कि लगातार दबाव, विकास कार्यों और पुनर्वास नीतियों के चलते माओवादी संगठन के भीतर टूट बढ़ रही है, जिसका असर अब बड़े स्तर के आत्मसमर्पण के रूप में सामने आने लगा है।
