Naxal Encounter: बीजापुर में बड़ा नक्सल ऑपरेशन, मुठभेड़ में 5 नक्सली ढेर, मार्च 2026 डेडलाइन से पहले सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी
Naxal Encounter: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिला में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में 5 नक्सली मारे गए हैं। जंगल क्षेत्र में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभाला। दोनों ओर से हुई गोलीबारी में 5 नक्सली ढेर हो गए। इलाके में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है।
चार दिन में 214 ठिकाने और बंकर ध्वस्त
जिले में चल रहे एंटी-नक्सल अभियान के तहत सुरक्षाबलों ने पिछले चार दिनों में 214 नक्सली ठिकानों और बंकरों को ध्वस्त किया है। इस दौरान भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। कार्रवाई में 450 आईईडी, 818 बीजीएल शेल, 899 बंडल कोडेक्स, डेटोनेटर सहित अन्य विस्फोटक जब्त किए गए हैं।
इसके अलावा करीब 12,000 किलो खाद्य सामग्री भी बरामद हुई है, जिसका उपयोग नक्सली लंबे समय तक जंगल में ठहरने के लिए करते थे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बड़े नक्सली नेताओं की मौजूदगी की सूचना के आधार पर सर्च अभियान और तेज कर दिया गया है।
मार्च 2026 डेडलाइन से पहले तेज हुआ अभियान
नक्सलवाद के खात्मे के लिए केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित मार्च 2026 की समयसीमा के मद्देनज़र व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के चार शीर्ष केंद्रीय समिति सदस्यों—मिसिर बेसरा उर्फ भास्कर, देवजी उर्फ कुंभा दादा उर्फ चेतन, राममन्ना उर्फ गणपति उर्फ लक्ष्मण राव और मल्लाह राजा रेड्डी उर्फ सागर- सहित लगभग 300 नक्सली सुरक्षाबलों के निशाने पर बताए जा रहे हैं।
खुफिया जानकारी के आधार पर छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा क्षेत्र में सघन ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, इन शीर्ष कमांडरों में से अधिकांश इसी क्षेत्र में सक्रिय हैं, जबकि एक के ओडिशा में छिपे होने की सूचना है।
सुरक्षाबलों ने स्पष्ट किया है कि नक्सलियों के पास आत्मसमर्पण का विकल्प खुला है, अन्यथा मार्च 2026 की तय समयसीमा तक नक्सलवाद के खात्मे के लक्ष्य को हासिल करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
