नवरात्रि 2026: डोंगरगढ़ में हाईटेक सुरक्षा, 1200 जवान तैनात, रेल-बस सुविधा बढ़ी, ड्रोन से निगरानी
डोंगरगढ़ नवरात्रि 2026
छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ में आज से चैत्र नवरात्रि का पावन पर्व शुरू हो गया है। धर्म नगरी पूरी तरह भक्ति और उत्साह में डूबी नजर आ रही है। मां बमलेश्वरी मंदिर में दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।
नवरात्र के पहले दिन से ही यहां लाखों भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है, जिसे देखते हुए प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट ने इस बार व्यवस्थाओं को पहले से अधिक व्यवस्थित और हाईटेक बनाया है।
सुगम दर्शन के लिए खास व्यवस्था
मां बमलेश्वरी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को पहाड़ी पर स्थित मंदिर तक सैकड़ों सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं। इस बार भीड़ को नियंत्रित करने के लिए चढ़ने और उतरने के रास्तों को अलग-अलग कर दिया गया है, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
1200 पुलिस जवान, ड्रोन से निगरानी
सुरक्षा के लिहाज से इस बार व्यापक इंतजाम किए गए हैं। करीब 1200 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं और पूरे क्षेत्र को 5 जोन में बांटा गया है। ड्रोन कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके और श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल मिल सके।
पर्यावरण का भी रखा गया ध्यान
इस बार प्रशासन ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया है। प्रसाद वितरण में पॉलीथिन के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है, जिससे हरित पहल को बढ़ावा मिलेगा।
गर्मी से राहत के इंतजाम
भीषण गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 11 स्थानों पर ठंडे पानी की व्यवस्था की गई है। साथ ही पूरे मार्ग में बेहतर लाइटिंग की सुविधा दी गई है, जिससे दिन और रात दोनों समय दर्शन में किसी तरह की परेशानी न हो।
रेल और बस सेवाएं बढ़ाई गईं
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए परिवहन सुविधाओं को भी बढ़ाया गया है। रेलवे ने 10 एक्सप्रेस ट्रेनों को अस्थायी ठहराव दिया है और 19 से 27 मार्च तक 4 लोकल ट्रेनों का विस्तार किया गया है। इसके अलावा डोंगरगढ़ और दुर्ग के बीच स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। पैदल यात्रियों के लिए बस सेवा, निशुल्क भंडारा, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं की भी विशेष व्यवस्था की गई है।
read more : छत्तीसगढ़ बजट 2026-27: विनियोग विधेयक पर चर्चा का जवाब, वित्त मंत्री ने रखा छत्तीसगढ़ बजट का पूरा खाका
