क्लोरीन गैस का रिसाव: 40 लोग अस्पताल में भर्ती; 200 मीटर का इलाका प्रतिबंधित
महाराष्ट्र के नागपुर जिले के गोधानी इलाके में क्लोरीन गैस रिसाव की घटना से हड़कंप मच गया। देर रात गोधानी नगर पंचायत के जलशुद्धिकरण संयंत्र में क्लोरीन गैस लीक होने के बाद आसपास के लोगों को सांस लेने में परेशानी और तबीयत बिगड़ने की शिकायत हुई। घटना के बाद करीब 40 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि गैस रिसाव से वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में काम करने वाले करीब 8 से 10 कर्मचारी और आसपास के 20 से 25 स्थानीय लोग प्रभावित हुए हैं। प्रभावित लोगों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
4-5 मरीज ICU में भर्ती
क्लोरीन गैस की चपेट में आने के बाद बीमार पड़े लोगों में से चार से पांच मरीजों को ICU में रखा गया है, जबकि अन्य प्रभावित लोगों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और अन्य आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं। टीमों ने बचाव एवं सुरक्षा अभियान शुरू किया और प्रभावित क्षेत्र में लोगों की आवाजाही को नियंत्रित किया। अधिकारी गैस रिसाव से प्रभावित लोगों की संख्या और घटना के पूरे असर का आकलन कर रहे हैं।
आधी रात को हुआ गैस रिसाव
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गोधानी स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में देर रात करीब 12:15 बजे क्लोरीन गैस के रिसाव की सूचना मिली। सूचना मिलते ही इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने का काम शुरू किया। बताया गया है कि रिसाव को रोक दिया गया है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। हालांकि, एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके में लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया गया है।
200 मीटर के दायरे में जाने पर रोक
प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जलशुद्धिकरण संयंत्र के आसपास करीब 200 मीटर के क्षेत्र को प्रतिबंधित किया है। इसमें नागमंदिर टेकरी के पास स्थित फागो पाटिल लेआउट का क्षेत्र भी शामिल बताया गया है। लोगों से सोमवार सुबह 11 बजे तक प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने या वहां से गुजरने से बचने की अपील की गई है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से शांत रहने और किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा नहीं करने को कहा है।
पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर
घटना के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार मौके पर मौजूद रहीं। प्रभावित इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई। नागपुर के मानकपुर पुलिस स्टेशन के पुलिस इंस्पेक्टर हरेश कलशेकर के मुताबिक, गोधानी नगर क्षेत्र स्थित जलशुद्धिकरण केंद्र में रात करीब एक बजे क्लोरीन गैस लीक होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया गया। पुलिस अधिकारी के अनुसार करीब 40 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
क्लोरीन गैस रिसाव की घटना के बाद प्रशासन ने स्थानीय लोगों से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है। लोगों को प्रभावित क्षेत्र से दूर रहने और बिना पुष्टि के किसी भी जानकारी को सोशल मीडिया पर साझा नहीं करने की सलाह दी गई है। फिलहाल गैस रिसाव के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशासन और संबंधित टीमें घटना की जांच कर रही हैं।
