इंटरनेशनल टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की हत्या: पिता ने ही मारी गोली, कहा- ‘बेटी की कमाई खाने का ताना देते थे लोग…’

गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम शहर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। इंटरनेशनल टेनिस प्लेयर राधिका यादव की उनके ही पिता दीपक यादव ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात गुरुग्राम के सेक्टर-57 इलाके में उनके घर पर हुई। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या के कारणों की गहन जांच की जा रही है।

हत्या की वजह बना एक म्यूजिक वीडियो?

पुलिस की शुरुआती जांच और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राधिका द्वारा किए गए एक म्यूजिक वीडियो को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। यह वीडियो ‘कारवां’ नाम से एलएलएफ रिकॉर्ड्स के तहत एक साल पहले रिलीज हुआ था, जिसमें राधिका और म्यूजिक आर्टिस्ट INAAM साथ नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि राधिका सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव थीं और एक इंफ्लुएंसर बनने का सपना देख रही थीं।

राधिका के पिता दीपक को यह वीडियो और उनकी सोशल मीडिया एक्टिविटी पसंद नहीं थी। उन्होंने वीडियो हटाने को कहा, लेकिन राधिका के मना करने पर विवाद बढ़ गया। इसी तनाव के बीच दीपक ने घर में अपनी रिवॉल्वर से राधिका को तीन गोलियां मार दीं।

एकेडमी और सामाजिक दबाव भी बना तनाव की वजह

राधिका एक टेनिस एकेडमी भी चला रही थीं। रिपोर्ट्स के अनुसार, दीपक यादव को समाज और रिश्तेदारों से यह सुनने को मिलता था कि वह अपनी बेटी की कमाई पर निर्भर हैं। इस कारण वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगे थे। उन्होंने राधिका से एकेडमी बंद करने को कहा था, लेकिन राधिका ने इनकार कर दिया। यह विवाद इतना गहरा गया कि अंततः पिता ने बेटी की जान ले ली।

पुलिस का कहना है कि दीपक पिछले 15 दिनों से तनाव में था और समाज के तानों को बर्दाश्त नहीं कर पा रहा था। सोशल मीडिया पर राधिका की एक्टिविटी, इंस्टाग्राम रील्स और उनकी स्वतंत्र सोच आरोपी को लगातार खटक रही थी।

राधिका की उपलब्धियां

23 मार्च 2000 को जन्मी राधिका यादव एक प्रतिभाशाली टेनिस खिलाड़ी थीं। वह इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन (ITF) की डबल्स रैंकिंग में 113वें स्थान पर थीं और विभिन्न प्रतियोगिताओं में 18 गोल्ड मेडल जीत चुकी थीं। वह भारत की उभरती हुई खिलाड़ियों में गिनी जाती थीं।

पुलिस की कार्रवाई और जांच जारी

गुरुग्राम पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर ली है और आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है — जिसमें पारिवारिक तनाव, सोशल मीडिया एक्टिविटी, मानसिक स्वास्थ्य और समाजिक दबाव शामिल हैं।

 

Youthwings