ठंडे भजिए पर विवाद…. युवक ने दोस्त को रॉड से मारा, मौत के बाद फूट-फूटकर रोया 

Murder in Raipur: राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र में दोस्ती को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज हत्या की घटना ने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया है। 23-24 दिसंबर 2025 की दरमियानी रात कचना स्थित साहू दूध डेयरी में काम करने वाले दो युवकों के बीच शराब के नशे में हुई मामूली बहस ने एक की जान ले ली। घटना का एक लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी दोस्त द्वारा हमला करते हुए दिख रहा है।

 

क्या हुआ था घटना में?

सनी साहू (22 वर्ष) और दुर्गेश सतनामी (40 वर्ष) दोनों एक ही डेयरी में काम करते थे और उसी परिसर में रहते थे। वे आपस में अच्छे दोस्त थे। रात में दोनों ने पहले से शराब पी रखी थी और फिर डेयरी में बैठकर दोबारा शराब सेवन कर रहे थे। इसी दौरान दुर्गेश भजिया खाने के लिए लेकर आया। भजिया ठंडा होने की बात पर सनी ने विवाद शुरू कर दिया। नशे में बहस इतनी बढ़ गई कि सनी ने पास पड़ी लोहे की रॉड उठाकर दुर्गेश के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से दुर्गेश वहीं बेहोश होकर गिर पड़ा।

 

आरोपी खुद ले गया अस्पताल, लेकिन मौत हो चुकी थी

घटना के तुरंत बाद सनी साहू ने खुद दुर्गेश को मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दुर्गेश को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि अस्पताल परिसर में आरोपी मृतक के शव के पास बैठकर फूट-फूटकर रोता रहा और अपने कृत्य पर गहरा पछतावा जता रहा था। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है, जिसने लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है।

 

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की, हत्या का मामला दर्ज

सूचना मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस, एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई की। आरोपी सनी साहू को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड जब्त कर ली है।

 

आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया चल रही है।

 

आरोपी और मृतक की जानकारी

 

आरोपी: सनी साहू (22 वर्ष), पिता राजेश साहू, निवासी दुर्गा चौक, शनि मंदिर के पास, थाना खम्हारडीह।

मृतक: दुर्गेश सतनामी (40 वर्ष), पिता मोहन सतनामी, निवासी कचना इलाका, थाना खम्हारडीह।

 

पुलिस के अनुसार दोनों एक-दूसरे के करीबी दोस्त थे और साथ काम करते थे। लेकिन शराब और गुस्से ने दोस्ती को पलभर में खून में बदल दिया। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और वायरल वीडियो की सत्यता एवं स्रोत की भी पड़ताल कर रही है।

 

यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि नशे में की गई छोटी-छोटी बातें कितना भयावह अंजाम ले सकती हैं।

Youthwings