रायपुर साइंस कॉलेज चौपाटी पर निगम की कार्रवाई से हड़कंप, विरोध करने पर कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता गिरफ्तार

रायपुर साइंस कॉलेज चौपाटी

रायपुर साइंस कॉलेज चौपाटी

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शनिवार सुबह नगर निगम द्वारा साइंस कॉलेज चौपाटी को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। यह कार्रवाई तड़के ही शुरू होने से शहर में तनावपूर्ण माहौल बन गया। निगम ने सुबह 5 बजे से पहले चौपाटी खाली करने का आदेश जारी किया था, जिसे व्यापारी पूरी रात विरोध करते हुए धरने पर बैठे रहे।

व्यापारियों के समर्थन में कांग्रेस नेता पहुंचे

चौपाटी पर चल रही कार्रवाई का विरोध करते हुए पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, कांग्रेस नेता सुबोध हरितवाल, और निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी रातभर व्यापारियों के साथ मौके पर मौजूद रहे। सुबह होते ही जब जेसीबी और भारी पुलिस बल चौपाटी में उतरा, तो कांग्रेस समर्थकों और नेताओं ने जेसीबी के सामने लेटकर विरोध किया। स्थिति बढ़ते तनाव में बदल गई और निगम कर्मचारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच झूमाझटकी भी देखने को मिली।

कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया

मामला बिगड़ता देख पुलिस ने पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, आकाश तिवारी समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। उन्हें अस्थायी रूप से बनाई गई रायपुर सेंट्रल जेल ले जाया गया है। इसके बावजूद नगर निगम की बुलडोजर कार्रवाई चौपाटी पर लगातार जारी है।

कांग्रेस की अपील—व्यापारियों की आजीविका न छीनी जाए

कांग्रेस नेताओं ने निगम अधिकारियों से हाथ जोड़कर आग्रह किया कि चौपाटी में काम करने वाले व्यापारियों की रोजी-रोटी न छीनी जाए। हालांकि, निगम प्रशासन ने सरकारी कार्य में बाधा का हवाला देते हुए कार्रवाई जारी रखने का निर्णय लिया। विरोध, तनाव और पुलिस की भारी मौजूदगी के बीच साइंस कॉलेज चौपाटी का माहौल अभी भी अस्थिर बना हुआ है।

Youthwings