HIGH ALERT : मुंबई में आतंकी हमले का अलर्ट, 1 करोड़ लोगों की जान को खतरा? लश्कर-ए-जिहादी का नाम आया सामने

मुंबई एक बार फिर आतंकी धमकी की जद में आ गया है। इस बार मुंबई पुलिस की ट्रैफिक डिपार्टमेंट के व्हाट्सएप नंबर पर एक धमकी भरा मैसेज भेजा गया है। मैसेज में दावा किया गया है कि 14 पाकिस्तानी आतंकी भारत में घुस चुके हैं और वे मिलकर मुंबई को दहला देंगे। संदेश में यह भी कहा गया कि इस बार 400 किलो RDX का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे करीब एक करोड़ लोगों की जान जा सकती है।

34 गाड़ियों में लगाए गए ह्यूमन बॉम्ब का दावा

धमकी देने वाले ने यह भी लिखा कि 34 गाड़ियों में ह्यूमन बॉम्ब लगाए गए हैं। यानी इस बार आतंकी ‘सुसाइड बॉम्बिंग’ की साजिश रच रहे हैं। संदेश में चेतावनी दी गई कि विस्फोट के बाद पूरा मुंबई शहर हिल जाएगा। इस धमकी में ‘लश्कर-ए-जिहादी’ नामक संगठन का उल्लेख किया गया है।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर

धमकी मिलते ही मुंबई पुलिस और तमाम सुरक्षा एजेंसियों के हाथ-पांव फूल गए। चूंकि यह समय त्योहारी सीजन का है और शहर में बड़ी संख्या में लोग बाजारों और धार्मिक स्थलों पर जाते हैं, इसलिए सुरक्षा एजेंसियां कोई भी रिस्क नहीं लेना चाहतीं। मुंबई पुलिस ने तुरंत हाई अलर्ट जारी कर दिया है। शहर के रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, मॉल, होटल और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

यह पहली बार नहीं है जब मुंबई को बम धमाके से उड़ाने की धमकी मिली हो। इससे पहले भी कई बार इस तरह की धमकियां पुलिस को कॉल या मैसेज के जरिए मिल चुकी हैं।

  • करीब दो हफ्ते पहले, मुंबई के वारली इलाके के फोर सीजन होटल में ब्लास्ट की चेतावनी दी गई थी।

  • 14 अगस्त को पुलिस को एक फोन कॉल आया था जिसमें कहा गया था कि ट्रेन में धमाका होगा। हालांकि जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।

  • 26 जुलाई को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) को उड़ाने की धमकी मिली थी। उस वक्त भी यात्रियों में दहशत फैल गई थी, लेकिन पुलिस ने पूरी जांच कर कोई संदिग्ध वस्तु नहीं पाई।

गंभीरता बढ़ा रही नई धमकी

हालांकि, इस बार का मामला पिछली बार से ज्यादा गंभीर माना जा रहा है क्योंकि इसमें ह्यूमन बॉम्बिंग और मास ब्लास्ट की बात कही गई है। धमकी देने वाले ने साफ तौर पर बड़े पैमाने पर तबाही का जिक्र किया है। सुरक्षा एजेंसियां अब यह जांच कर रही हैं कि कहीं यह मैसेज किसी आतंकी संगठन से जुड़ा हुआ तो नहीं या फिर सिर्फ दहशत फैलाने की कोशिश है।

मुंबई की सुरक्षा व्यवस्था और जांच

पुलिस ने साइबर टीम को अलर्ट किया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह मैसेज कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग हैं। इसके साथ ही सुरक्षा एजेंसियां IB और NIA के साथ मिलकर पूरे मामले की तहकीकात कर रही हैं।

मुंबई जैसे मेट्रो शहर में पहले भी 1993 और 2008 जैसे बड़े आतंकी हमले हो चुके हैं, जिनकी याद आज भी लोगों के दिलों में ताजा है। इसलिए जब भी ऐसी धमकी मिलती है, प्रशासन तुरंत हाई अलर्ट मोड पर आ जाता है।

नतीजा क्या होगा?

फिलहाल पुलिस इस मैसेज को पूरी गंभीरता से ले रही है। शहर में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी गई है। हालांकि, पिछले अनुभव बताते हैं कि कई बार ऐसी धमकियां झूठी साबित होती हैं, लेकिन इस बार का अंदाज और भाषा बेहद खतरनाक है। यही वजह है कि सुरक्षा एजेंसियां अब कोई भी चूक नहीं करना चाहतीं।

Youthwings