सागर जहरीली शराब कांड में शॉर्ट एनकाउंटर: पुलिस पर दागीं 3 गोलियां, जवाबी एक्शन में घायल हुआ शिवांजय राजपूत
सागर/भोपाल। मध्य प्रदेश के सागर जिले के चर्चित बंडा जहरीली शराब कांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। बहरोल थाना क्षेत्र के कठुआ नाला जंगल में पुलिस और 30 हजार रुपये के इनामी बदमाश शिवांजय राजपूत के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। शिवांजय बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से हुई 30 से अधिक मौतों के मुख्य आरोपियों में शामिल था।
जंगल में घेराबंदी: आरोपी ने की 3 राउंड फायरिंग
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि फरार आरोपी शिवांजय राजपूत बहरोल थाना अंतर्गत कठुआ नाला के बीहड़ जंगलों में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने जब घेराबंदी की, तो खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला करते हुए 3 राउंड फायर झोंक दिए। पुलिस जवानों ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली शिवांजय के पैर में जा धंसी। पुलिस ने मौके से उसे दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का अवैध कट्टा, 3 जिंदा कारतूस और 3 खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल आरोपी को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कड़ी सुरक्षा के बीच उसका इलाज जारी है।
बंडा शराब कांड में यह दूसरा शॉर्ट एनकाउंटर
30 से अधिक लोगों की जान लेने वाले इस भीषण शराब कांड में सागर पुलिस का यह लगातार दूसरा बड़ा एक्शन है। इससे पूर्व पुलिस ने इसी मामले के एक अन्य आरोपी रवि लखेरा को भी शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया था। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, गिरोह के बाकी फरार आरोपियों की तलाश में टीमें जंगलों और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
‘लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अपराधियों पर कठोरता जारी रहेगी’
सागर में हुए इस एनकाउंटर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का बयान भी सामने आया है। सीएम ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए स्पष्ट किया कि राज्य में कानून-व्यवस्था के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सागर के अंदर हमारी पुलिस और प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। आज भी एक अपराधी का हाफ एनकाउंटर हुआ है। यह हमारी स्पष्ट प्रतिबद्धता है कि लॉ एंड ऑर्डर को लेकर हम किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेंगे। होने वाली हर आपराधिक घटना पर हमारी यह कठोरता आगे भी जारी रहेगी। हम प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बढ़ते देश के साथ मध्य प्रदेश को कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ा रहे हैं।
