Laptop Yojana 2025: मध्य प्रदेश के 94 हजार मेधावी विद्यार्थियों को मिलेंगे 25-25 हजार रुपये
MP Laptop Yojana 2025
भोपाल। Laptop Yojana 2025: मध्य प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना के तहत 12वीं कक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों के लिए लैपटॉप योजना शुरू कर दी है। इस योजना के अंतर्गत, लगभग 94 हजार विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25-25 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। विद्यार्थियों को अपनी बैंक खाते की जानकारी शिक्षा पोर्टल पर अपडेट करनी होगी।
इस वर्ष माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिम) की 12वीं की परीक्षा का परिणाम पिछले साल से बेहतर रहा है, जिसके कारण 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों की संख्या में लगभग चार हजार की वृद्धि हुई है। पिछले साल इस योजना के तहत 90 हजार विद्यार्थियों को लैपटॉप की राशि दी गई थी।
बैंक खाते अपडेट करने के निर्देश जारी
स्कूल शिक्षा विभाग ने माशिम से पात्र विद्यार्थियों की संख्या और नाम की सूची मांगी थी, जिसे मंडल ने भेज दिया है। उधर, लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को आदेश जारी कर पात्र विद्यार्थियों के बैंक खाते को अपडेट करने के निर्देश दिए हैं।
निर्देशों के अनुसार, पात्र विद्यार्थियों को अपने नाम से संचालित बचत बैंक खाता क्रमांक, आईएफएससी कोड और बैंक शाखा का नाम एक सप्ताह के भीतर शिक्षा पोर्टल पर दर्ज करवाना होगा। इस बार माशिम की 12वीं की परीक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या 94 हजार के आसपास है।
जुलाई तक राशि मिलने की संभावना
पिछले सत्र के मेधावी विद्यार्थियों को इस साल फरवरी में लैपटॉप की राशि प्रदान की गई थी। इस बार सरकार का प्रयास है कि जुलाई तक इन विद्यार्थियों को लैपटॉप की राशि उपलब्ध करा दी जाए। यह योजना विद्यार्थियों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
