हाईकोर्ट से स्टे खत्म…अब अवैध दुकान जमींदोज, चिकन-मटन दुकानों पर चला बुलडोजर
उज्जैन। मध्यप्रदेश में गुंडा बदमाशों और अवैध कब्जाधारियों पर सरकार की लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव की सरकार ने महाकाल मंदिर क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित चिकन–मटन की दुकानों पर बुलडोजर चलवाया।
यह कार्रवाई शहर के बेगमबाग इलाके में अनीसा बी की बिल्डिंग के दो हिस्सों में चल रही दुकानों पर हुई, जिन्हें मोहम्मद वसीम और मोहम्मद शादाब संचालित कर रहे थे। प्रशासन ने इन दुकानों को हाईकोर्ट से स्टे खत्म होने के बाद ध्वस्त किया।
बड़ी कार्रवाई, भारी फोर्स तैनात
कार्रवाई के दौरान करीब 50 पुलिस अधिकारी–जवान और 100 नगर निगम कर्मचारियों की टीम मौके पर मौजूद रही। प्रशासन ने आधा दर्जन बुलडोजर और पोकलेन मशीन की मदद से अवैध निर्माण को पूरी तरह ढहा दिया।
दरअसल, ढाई महीने पहले भी इसी इलाके की 12 बिल्डिंग्स को जमींदोज किया गया था। अब दोबारा बड़े पैमाने पर कार्रवाई कर प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि मंदिर क्षेत्र में अवैध कारोबार और अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हिंदू संगठनों की आपत्ति के बाद कार्रवाई
महाकालेश्वर मंदिर के पास अंगारा रेस्टोरेंट नाम से चल रही नॉनवेज दुकान लंबे समय से विवादों में थी। हिंदूवादी संगठनों ने कई बार आपत्ति जताई थी कि मंदिर के प्रमुख मार्ग पर इस तरह की दुकानें धार्मिक भावनाओं को आहत करती हैं। इसी वजह से प्रशासन ने इस मामले में सख्ती दिखाई।
नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर संतोष टैगोर और यूडीए के सीईओ संदीप सोनी ने बताया कि यह कार्रवाई कानूनन जरूरी थी और आगे भी अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलता रहेगा।
