नकटी गांव के गरीबों को मिली राहत की उम्मीद, सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने विधायक कॉलोनी निर्माण पर लगाई रोक की मांग

रायपुर। राजधानी से सटे नकटी गांव के निवासियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड द्वारा गांव की जमीन पर प्रस्तावित विधायक कॉलोनी के निर्माण को लेकर अब विवाद गहराता जा रहा है। रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने इस मामले को गंभीर मानते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखा है और विधायक कॉलोनी के निर्माण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

वर्षों से बसे 80 से अधिक गरीब परिवार

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने पत्र में बताया कि नकटी गांव की 15.4790 हेक्टेयर भूमि, जिस पर विधायक कॉलोनी निर्माण प्रस्तावित है, वहां 80 से अधिक गरीब परिवार वर्षों से निवासरत हैं। इनमें से कई परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर मिले हैं। इसके अलावा इस भूमि पर शासकीय भवन, सामुदायिक भवन और अन्य ढांचागत सुविधाएं भी मौजूद हैं। ग्राम पंचायत और ग्रामसभा दोनों ही इस निर्माण योजना का विरोध कर चुके हैं।

चारागाह के रूप में सुरक्षित थी भूमि

बृजमोहन अग्रवाल ने यह भी स्पष्ट किया कि यह भूमि गांव की साझा जमीन है, जिसे पूर्वजों द्वारा चारागाह के रूप में सुरक्षित किया गया था। वर्तमान में इस जमीन पर ग्रामीण ग्राम पंचायत की व्यवस्था के तहत निवास कर रहे हैं। इसे किसी भी हाल में खाली कराना ना सिर्फ न्याय के खिलाफ, बल्कि गरीबों के जीवन और सम्मान पर हमला माना जाएगा।

पूर्व विधायक देवजीभाई पटेल ने भी उठाई आवाज

इस संवेदनशील मसले को लेकर नकटी गांव के ग्रामीणों ने पूर्व विधायक देवजीभाई पटेल से भी संपर्क किया था। पटेल ने इस मुद्दे को सांसद बृजमोहन अग्रवाल के समक्ष रखा और एक ज्ञापन सौंपते हुए ग्रामीणों की पीड़ा साझा की। उन्होंने बताया कि इस भूमि पर रहने वाले अधिकांश लोग गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन कर रहे हैं और उनका जीवन यहीं पर टिका हुआ है।

विकास जरूरी, लेकिन बेघरों को उजाड़कर नहीं: बृजमोहन

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री से अपील करते हुए कहा कि विकास कार्यों की आवश्यकता से कोई इनकार नहीं करता, लेकिन यह कभी भी आम जनता को बेघर करके नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि विधायक कॉलोनी का निर्माण ऐसे किसी वैकल्पिक स्थान पर किया जाए, जहां किसी भी नागरिक का निवास बाधित न हो। उन्होंने आग्रह किया कि जब तक जांच पूरी न हो, प्रशासन को यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए जाएं।

रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल का पत्र

Youthwings