Train Fire in Bihar: चार्जिंग में लगे मोबाइल में धमाका, से ट्रेन में लगी भीषण आग — यात्रियों में मची अफरा-तफरी
Train Fire in Bihar: चार्जिंग में लगे मोबाइल फोन के ब्लास्ट से जनसेवा एक्सप्रेस (Jansewa Express) ट्रेन में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। हादसा शुक्रवार शाम सहरसा जिले के सोनबरसा कचहरी स्टेशन के पास हुआ। जैसे ही मोबाइल चार्जिंग के दौरान फटा, देखते ही देखते आग ने पूरी जनरल बोगी को अपनी चपेट में ले लिया। बोगी से उठती आग की लपटें देखकर यात्रियों में हड़कंप मच गया, लेकिन राहत की बात रही कि किसी की जान नहीं गई।
चार्जिंग में लगे मोबाइल से हुआ ब्लास्ट
जानकारी के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार शाम करीब 6:10 बजे हुई। ट्रेन में सवार एक यात्री राम कुमार ने बताया कि उसका मोबाइल चार्जिंग में लगा था, तभी अचानक उसमें ब्लास्ट हुआ और आग लग गई। कुछ ही पलों में बोगी में धुआं और आग फैल गई, जिससे यात्रियों में भगदड़ मच गई। अन्य यात्रियों ने भी बताया कि आग मोबाइल ब्लास्ट की वजह से ही लगी थी।
रेलवे ने समय रहते बुझाई आग
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग को तुरंत काबू कर लिया गया। रेलवे की टीम ने सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें दूसरे कोच में शिफ्ट किया गया। कोई यात्री घायल नहीं हुआ, और स्थिति पर तुरंत नियंत्रण पा लिया गया।
रेलवे की ओर से जारी बयान में कहा गया:
“शाम 7 बजे के करीब समस्तीपुर डिवीजन में चल रही जनसेवा एक्सप्रेस की जनरल कोच में आग लग गई थी। आग को तुरंत बुझा लिया गया और सभी यात्री सुरक्षित हैं। फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया है।”
सोनबरसा कचहरी स्टेशन के पास लगी आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग सोनबरसा कचहरी स्टेशन के पास लगी थी। हालांकि ट्रेन उस समय चल रही थी और सहरसा जंक्शन तक पहुंच गई। यहां ट्रेन रुकने के बाद यात्रियों को बाहर निकाला गया। कई यात्रियों ने राहत की सांस ली कि यह हादसा बड़ा रूप नहीं ले पाया।
रेलवे ने जांच के आदेश दिए
रेलवे प्रशासन ने इस घटना की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। साथ ही यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन यात्रा के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को चार्ज पर unattended न छोड़ें।
फिलहाल ट्रेन को तकनीकी जांच के बाद फिर से आगे रवाना कर दिया गया है।
