महासमुंद में ऑपरेशन निश्चय के तहत बड़ी कार्रवाई, करोड़ों का गांजा और नशीली दवाएं जब्त

महासमुंद। महासमुंद जिले में पुलिस ने ऑपरेशन निश्चय के तहत नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 घंटे के भीतर चार थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर 685.890 किलो गांजा और 700 नशीली टैबलेट जब्त की है। इस दौरान कुल 13 तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 6 आरोपी छत्तीसगढ़ के और 7 अन्य राज्यों के बताए जा रहे हैं।

 

पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे की कीमत लगभग 3 करोड़ 42 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही एक पिकअप वाहन, एक बाइक, एक ट्रक और दो कार सहित कुल 4 करोड़ 61 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है। तस्करी के लिए अलग-अलग तरीके अपनाए जा रहे थे, जिनमें पैकर्स एंड मूवर्स, सामान्य वाहनों और ट्रेन का उपयोग शामिल है।

कार्रवाई के दौरान बसना थाना क्षेत्र में एक पिकअप से 454 किलो गांजा बरामद किया गया। कोमाखान में एक कार से 200 किलो और एक ट्रक से 25 किलो गांजा जब्त हुआ। सिंघोड़ा क्षेत्र में बाइक से 6 से 7 किलो गांजा पकड़ा गया, जबकि महासमुंद में रेलवे स्टेशन के पास से 700 नशीली कैप्सूल भी बरामद किए गए।

 

पुलिस ने बताया कि तस्करों का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ है और इसे तोड़ने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई में बिलासपुर पुलिस और रायपुर क्राइम ब्रांच का भी सहयोग मिला।

 

पिछले तीन महीनों में महासमुंद पुलिस ने 63 मामलों में 4054 किलो से अधिक गांजा जब्त किया है और 165 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Youthwings