बिलासपुर में धर्मांतरण को लेकर तनाव, प्रार्थना सभा की आड़ में 6 गिरफ्तार

बिलासपुर। जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र के हिर्री गांव में एक बार फिर धर्मांतरण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। एक सूने मकान में आयोजित प्रार्थना सभा में कथित तौर पर लोगों का धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था। हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि इस सभा के बहाने लोगों को बहलाकर उनका ब्रेनवॉश किया जा रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 लोगों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, हिर्री गांव के एक सुनसान मकान में प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया था, जिसमें करीब 70 लोग शामिल हुए थे। आरोप है कि इस दौरान आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को प्रलोभन देकर और कहानियां सुनाकर उनका धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था। हिंदू संगठनों की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। घटना से संबंधित एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिस के पहुंचने पर लोग मकान से बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस ने जांच के बाद गोरेलाल टंडन, उनकी पत्नी सद्रोहा टंडन समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके खिलाफ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

Youthwings