चरित्र शंका में पति ने पत्नी की धारदार हथियार से हत्या की, आरोपी गिरफ्तार

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां चरित्र शंका में पति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल हथियार जब्त कर लिया है। मामला तपकरा थाना क्षेत्र का है।

 

जानकारी के अनुसार प्रार्थी जूलियस ने 6 मार्च को तपकरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि 6 मार्च की रात करीब 2:30 बजे उसके भाई जेरोम तिर्की ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी।

 

सूचना मिलने पर प्रार्थी अपनी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ जेरोम तिर्की के घर पहुंचा। वहां देखा कि जेरोम तिर्की की पत्नी अलकिसलीया तिर्की (53) का रक्तरंजित शव बिस्तर पर पड़ा हुआ था। मृतका के गले में धारदार हथियार से गहरा घाव था और खून बह रहा था।

 

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही हत्या में इस्तेमाल हथियार भी जब्त कर लिया गया।

 

पुलिस पूछताछ में आरोपी जेरोम तिर्की ने बताया कि उसे अपनी पत्नी अलकिसलीया तिर्की के चरित्र पर शक था, जिसके कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। घटना की रात भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। विवाद के दौरान गुस्से में आकर जेरोम तिर्की ने धारदार हथियार से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी।

 

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तपकरा थाने में अपराध दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Youthwings