Abhanpur road accident : अभनपुर में तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से युवक की मौत
रायपुर। रायपुर के पास अभनपुर क्षेत्र के गोबरा नवापारा में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा चंपारण चौक के पास हुआ, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, रेत से भरे हाईवा ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि व्यक्ति वाहन के नीचे आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक ने वाहन के नीचे फंसे व्यक्ति को करीब 200 फीट तक घसीट दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि गरियाबंद और धमतरी क्षेत्रों से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन लगातार जारी है। इन्हीं हाईवा वाहनों की आवाजाही के कारण इस मार्ग पर हादसे बढ़ते जा रहे हैं।
इस घटना ने एक बार फिर अवैध खनन और प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार हादसों के बावजूद जिम्मेदार विभाग इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

