ममता बनर्जी का बीजेपी पर बड़ा हमला, बोलीं– “भाजपा को देश से खत्म करके ही दम लूंगी”
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आगामी विधानसभा चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बीजेपी पर मुस्लिम वोटों को बांटने, वोटर लिस्ट में हेरफेर करने और इसमें चुनाव आयोग की संलिप्तता होने का दावा किया है। ममता बनर्जी ने दो टूक कहा कि वह बीजेपी को देश से खत्म करके ही दम लेंगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अगर वह बंगाल जीतती हैं, तो दिल्ली भी उनसे “छीन लेंगी”।
बंगाल में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं और उससे पहले विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सियासी घमासान मचा हुआ है। ममता लगातार बीजेपी और चुनाव आयोग पर हमलावर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचलने की कोशिश कर रही है और लोगों से वोट देने का अधिकार छीना जा रहा है। ममता ने कहा कि देश में तानाशाही का माहौल बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि बीजेपी पैसे के दम पर बंगाल में मुसलमानों को बांटने की कोशिश कर रही है ताकि राजनीतिक फायदा उठाया जा सके। उन्होंने कहा कि 58 लाख नाम पहले ही वोटर लिस्ट से हटाए जा चुके हैं और अब 1.5 करोड़ और नाम हटाने की तैयारी है। ममता का दावा है कि चुनाव आयोग हर दो दिन में अपने निर्देश बदल रहा है और यह सब 2026 में बीजेपी को जिताने के मकसद से किया जा रहा है।
ममता बनर्जी ने SIR और वोटर ऐप को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि न तो इसके लिए कोई स्पष्ट SOP है और न ही पारदर्शिता। ऐप में गड़बड़ियां हैं, जिससे आम वोटर रोज परेशान हो रहे हैं। उन्होंने पूछा कि गुजरात से केंद्र सरकार के कर्मचारी बंगाल में वोटर वेरिफिकेशन के लिए क्यों आ रहे हैं, क्या यही लोकतंत्र है? ममता ने उन लोगों पर भी निशाना साधा जो महात्मा गांधी का नाम हटाते हैं और देशभक्ति का ढोंग करते हैं।
मुख्यमंत्री ने पार्टी के BLA-2 कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे हर ब्लॉक और अंदरूनी इलाकों में जाकर यह जांच करें कि किन-किन लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं। इसके लिए छह सदस्यीय टीम बनाई जाएगी, जो अपनी रिपोर्ट ERO को सौंपेगी। उन्होंने BLA-1 और BLA-2 से संपर्क में रहने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि सुनवाई के दौरान किसी भी वोटर को परेशान न किया जाए। ममता ने कुछ काउंसलरों पर काम न करने का आरोप लगाते हुए नए ब्लॉक अध्यक्ष बनाने की भी घोषणा की।
ममता बनर्जी ने दावा किया कि बीजेपी ने बंगाल की वोटर लिस्ट में 1:10 के अनुपात में गैर-बंगाली लोगों के नाम जोड़े हैं। उन्होंने जनता से अपने वोटर को पहचानने की अपील करते हुए कहा कि बीजेपी को बंगाल में कदम मत रखने दो। यह लड़ाई अस्तित्व की लड़ाई है। अगर बंगाल के लोग जीना चाहते हैं, तो बीजेपी को हमेशा के लिए बंगाल से हटाना होगा।
