गणतंत्र दिवस परेड अभ्यास में बड़ी चूक: हर्ष फायर नहीं कर सके जवान, एडीजी ने जताई नाराजगी

गणतंत्र दिवस परेड अभ्यास में बड़ी चूक

गणतंत्र दिवस परेड अभ्यास में बड़ी चूक

 रायपुर: मंगलवार को पुलिस परेड ग्राउंड में गणतंत्र दिवस परेड के अभ्यास के दौरान उस समय असहज स्थिति बन गई, जब हर्ष फायरिंग अभ्यास में कई जवान अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके। कुछ जवान रायफल का ट्रिगर नहीं खींच पाए, तो कुछ लोडिंग और एकसाथ फायर करने की लय नहीं बना सके।

सलामी के दौरान एडीजी का फूटा गुस्सा

अभ्यास परेड की सलामी ले रहे एडीजी नक्सल ऑपरेशन एवं सशस्त्र बल विवेकानंद सिन्हा यह दृश्य देखकर बेहद नाराज हो गए। उन्होंने प्लाटूनों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि वे 2021 से लगातार गणतंत्र दिवस परेड अभ्यास देख रहे हैं, लेकिन ऐसा पहली बार हुआ है जब सशस्त्र बलों के प्लाटून हर्ष फायर में असफल रहे। उन्होंने इसे एंटी नक्सल मूवमेंट से जुड़े जवानों के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक बताया।

लंबे अभ्यास के बाद भी तैयारी अधूरी

बताया गया कि 10 जनवरी से सेना और पुलिस बलों के जवान लगातार अभ्यास कर रहे हैं, इसके बावजूद करीब दस दिनों के अभ्यास के बाद भी कोई भी प्लाटून गणतंत्र दिवस समारोह में सलामी देने के लिए पूरी तरह दक्ष नजर नहीं आया। समारोह में अब केवल पांच दिन शेष हैं।

देश के प्रमुख सुरक्षा बल ले रहे हैं भाग

गणतंत्र दिवस परेड अभ्यास में देश के कई प्रमुख सुरक्षा बलों के जवान शामिल हैं, जिनमें— सीमा सुरक्षा बल (BSF), सशस्त्र सीमा बल (SSB), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) इन बलों के जवान परेड के माध्यम से सेना के शौर्य, अनुशासन और साहस का प्रदर्शन करने की तैयारी में जुटे हैं।

रायफल में तकनीकी दिक्कत का हवाला

हर्ष फायर फेल होने के बाद जवानों ने एडीजी को सफाई दी। कई जवानों ने रायफल की तकनीकी खामियों का हवाला देते हुए फायरिंग में असफलता की बात कही। इसके बाद अधिकारियों ने जवानों को समझाइश दी और अतिरिक्त प्रशिक्षण के निर्देश दिए।

कमजोर प्रदर्शन पर अभ्यास से हटाने के संकेत

एडीजी विवेकानंद सिन्हा ने कहा कि विभिन्न बलों के नए जवान अभ्यास में शामिल हैं, जिन्हें हर्ष फायर के परेड क्रम को समझने में समय लग रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो जवान तय मानकों पर खरे नहीं उतरेंगे, उन्हें आगे के अभ्यास से दूर किया जा सकता है।

read more : हसदेव अरण्य में राजनीतिक प्रवेश का विरोध, आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया को ग्रामीणों ने रोका

Youthwings