रायपुर नगर निगम MIC Meeting में लिए गए बड़े फैसले: महादेव घाट का होगा कायाकल्प, महिलाओं के लिए नए प्रोजेक्ट्स को मिली हरी झंडी

MIC Meeting

MIC Meeting

रायपुर । MIC Meeting: रायपुर नगर निगम की महापौर परिषद (MIC) की गुरुवार को संपन्न हुई बैठक में शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक के बाद महापौर मीनल चौबे ने प्रेस को जानकारी दी कि कुल 42 मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिनमें प्रमुख रूप से पेंशन योजनाएं, अधोसंरचना विकास, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण से जुड़े प्रस्ताव शामिल थे।

महादेव घाट का होगा सौंदर्यीकरण
शहर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल महादेव घाट को नया रूप देने की तैयारी है। बैठक में 20 करोड़ रुपये की लागत से इसके सौंदर्यीकरण की योजना को मंजूरी दी गई है। यह प्रोजेक्ट घाट की धार्मिक महत्ता को और निखारेगा और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करेगा।

गौरव पथ निर्माण का प्रस्ताव
नगर निगम की अधोसंरचना मद से “गौरव पथ” निर्माण का प्रस्ताव भी बैठक में प्रस्तुत किया गया। इस पर सकारात्मक चर्चा हुई और जल्द ही इसकी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

18 चौक-चौराहों का होगा सुधार
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए 18 प्रमुख चौक-चौराहों की पहचान की गई है। इन स्थानों पर यातायात व्यवस्था सुधारने और जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए जरूरी उपाय किए जाएंगे।

महिलाओं के लिए बड़े फैसले
बैठक में महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई योजनाओं को स्वीकृति दी गई। तेलीबांधा क्षेत्र में 4 करोड़ रुपये की लागत से टेक्निकल टावर की स्थापना की जाएगी। इसके अलावा, 5 करोड़ रुपये की लागत से “महिला शांति गृह” बनाया जाएगा, जहां संकट की घड़ी में महिलाओं को सुरक्षित आश्रय मिल सकेगा।

वर्किंग वुमन हॉस्टल और वुमन फॉर ट्री योजना
महापौर ने बताया कि तीन स्थानों पर वर्किंग वुमन हॉस्टल स्थापित किए जाएंगे, जिससे नौकरीपेशा महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवास मिलेगा। वहीं, ‘वुमन फॉर ट्री’ योजना के तहत महिलाओं के समूहों को पेड़ों की देखरेख की जिम्मेदारी दी जाएगी, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

शहर की हवा होगी साफ
वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए केंद्र सरकार से प्राप्त फंड के उपयोग को लेकर भी योजना बनाई गई है। बैठक में इस दिशा में आगे की कार्ययोजना तय की गई।

पेंशन लाभार्थियों को राहत
पेंशन योजनाओं के तहत 428 हितग्राहियों से संबंधित मामलों पर भी विचार किया गया। इनके निराकरण के लिए शीघ्र कार्यवाही की जाएगी, जिससे बुजुर्गों और पात्र नागरिकों को समय पर लाभ मिल सके।

नगर निगम की यह बैठक रायपुर शहर के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई है। महापौर ने कहा कि ये सभी योजनाएं न सिर्फ बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करेंगी बल्कि महिलाओं और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी रायपुर को नई पहचान दिलाएंगी।

Youthwings