Mahua Moitra Wedding:टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने गुपचुप की शादी, जर्मनी में रचाई जीवनसाथी बनने की रस्म, जानिए कौन हैं उनके पति पिनाकी मिश्रा
Mahua Moitra Wedding
Mahua Moitra Wedding: तृणमूल कांग्रेस (TMC) की तेजतर्रार और लोकप्रिय सांसद महुआ मोइत्रा ने चुपचाप शादी रचा ली है। यह शादी जर्मनी में बेहद निजी समारोह में हुई, जिसमें उन्होंने बीजेडी (BJD) के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद पिनाकी मिश्रा से विवाह किया। इस शादी की कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई, लेकिन सोशल मीडिया पर सामने आई एक तस्वीर ने इस खबर की पुष्टि कर दी है।
जर्मनी में सादगी से रचाई शादी
बताया जा रहा है कि महुआ मोइत्रा और पिनाकी मिश्रा की शादी 3 मई को जर्मनी में हुई। सामने आई तस्वीर में महुआ हल्के गुलाबी और सुनहरे रंग की साड़ी में नजर आ रही हैं, जिसमें वह बेहद खूबसूरत लग रही हैं। समारोह बेहद निजी था और इसमें परिवार और बेहद करीबी लोग ही शामिल हुए। हालांकि अब तक न तो महुआ मोइत्रा और न ही पिनाकी मिश्रा ने इस शादी को लेकर सार्वजनिक रूप से कोई बयान जारी किया है।
महुआ मोइत्रा की पहली शादी
यह महुआ मोइत्रा की दूसरी शादी है। उनकी पहली शादी डेनमार्क के फाइनेंसर लार्स ब्रोरसन से हुई थी, लेकिन बाद में दोनों का तलाक हो गया।
राजनीति और तेज-तर्रार भाषणों के लिए जानी जाती हैं महुआ
महुआ मोइत्रा का जन्म 12 अक्टूबर 1974 को असम में हुआ था। उन्होंने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टमेंट बैंकर के तौर पर की थी और बाद में राजनीति में कदम रखा। 2010 में वह टीएमसी में शामिल हुईं और 2019 में पश्चिम बंगाल की कृष्णानगर सीट से पहली बार सांसद चुनी गईं। इसके बाद 2024 में भी उन्होंने जीत दोहराई। अपने आक्रामक तेवर और बेबाक बयानों के लिए वह संसद में काफी चर्चा में रहती हैं।
जानिए कौन हैं पिनाकी मिश्रा?
महुआ मोइत्रा के जीवनसाथी बने पिनाकी मिश्रा 65 वर्षीय अनुभवी राजनेता और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत कांग्रेस से की थी और 1996 में पहली बार सांसद बने थे। बाद में उन्होंने बीजेडी का दामन थामा और पुरी लोकसभा सीट से 2009, 2014 और 2019 में लगातार जीत दर्ज की। 2019 में उन्होंने बीजेपी के प्रवक्ता संबित पात्रा को हराया था।
2024 में कट गया था टिकट
2024 के लोकसभा चुनाव में पिनाकी मिश्रा को बीजेडी ने टिकट नहीं दिया। इस बार पार्टी ने पुरी से अरुप पटनायक को उम्मीदवार बनाया। इसके बाद पिनाकी मिश्रा की राजनीतिक भूमिका को लेकर चर्चा शुरू हो गई थी, लेकिन उन्होंने अब इस व्यक्तिगत नए अध्याय से सबको चौंका दिया है।
दो मजबूत व्यक्तित्वों का मिलन
महुआ मोइत्रा और पिनाकी मिश्रा दोनों ही अपने-अपने क्षेत्रों में मजबूत पहचान रखते हैं — एक ओर हैं तेज-तर्रार महिला सांसद तो दूसरी ओर अनुभवी राजनेता और वरिष्ठ वकील। इस गुपचुप शादी ने न सिर्फ राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है, बल्कि सोशल मीडिया पर भी लोगों की उत्सुकता बढ़ा दी है।
महुआ मोइत्रा और पिनाकी मिश्रा की यह शादी फिलहाल निजी रही है, लेकिन इन दो प्रभावशाली चेहरों का साथ आना राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से भी एक चर्चित घटना बन चुकी है। अब देखना दिलचस्प होगा कि यह जोड़ी सार्वजनिक रूप से कब अपने रिश्ते की पुष्टि करती है।
