महाराष्ट्र विधानसभा में पेपर लीक पर हंगामा, कांग्रेस ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
कांग्रेस विधायक विजय वडेट्टीवार ने कहा- सरकार लाखों छात्रों का भविष्य खतरे में डाल रही है, TET और NEET जैसी परीक्षाओं में लगातार हो रहे लीक से महाराष्ट्र की बदनामी हो रही है
मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र में सोमवार को NEET और TET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक का मुद्दा जोरदार तरीके से गूंजा। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने इस मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव लाने की मांग की। कांग्रेस विधायक विजय वडेट्टीवार ने सरकार पर लाखों छात्रों का भविष्य खतरे में डालने और बार-बार परीक्षा पारदर्शिता में विफल रहने का आरोप लगाया।
सरकार पर क्या आरोप लगाए?
कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि बार-बार हो रहे पेपर लीक से न केवल महाराष्ट्र की बदनामी हो रही है, बल्कि लाखों छात्रों और शिक्षकों का भविष्य अंधकार में डूबा हुआ है। उन्होंने कहा, “पेपर लीक होने के कारण लाखों छात्रों का वर्षों की मेहनत और तैयारी पर पानी फिर जाता है। सरकार बार-बार परीक्षाओं को पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से आयोजित करने में विफल हो रही है।”
गहन जांच की मांग
वडेट्टीवार ने हालिया TET पेपर लीक मामले की गहन जांच की मांग करते हुए कहा कि केवल आरोपियों की गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा, “पेपर तैयार करने वाली एजेंसियों, संबंधित कंपनियों और पूरे नेटवर्क की जांच कर इस रैकेट का पर्दाफाश किया जाना चाहिए। केवल छोटी मछलियों की गिरफ्तारी से काम नहीं चलेगा।”

सरकार की चुप्पी पर नाराजगी
विपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार इस गंभीर मुद्दे पर कोई स्पष्ट और संतोषजनक जवाब देने में विफल रही और विपक्ष को अपनी बात रखने का पूरा अवसर भी नहीं दिया गया। कांग्रेस विधायक ने कहा कि बार-बार हो रहे पेपर लीक से महाराष्ट्र की बदनामी हो रही है और सरकार को इसको लेकर कोई ठोस कदम उठाते नहीं दिख रही है।
Read more-
उद्धव ठाकरे को एक और बड़ा झटका: MLC सचिन अहीर ने थामा शिंदे गुट का दामन
