Mahadev App ED Action: महादेव ऐप मामले में ED की बड़ी कार्रवाई, ₹1700 करोड़ की संपत्ति जब्त
Mahadev App ED Action: ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े महादेव ऐप केस में प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित प्रमोटर सौरभ चंद्राकर की करीब 1700 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क कर ली हैं। यह कार्रवाई प्रवर्तन निदेशालय के रायपुर कार्यालय द्वारा PMLA (प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट) के तहत की गई है।
विदेशों में फैली संपत्तियों पर शिकंजा
ईडी की इस कार्रवाई में दुबई स्थित कई लग्जरी संपत्तियां शामिल हैं। जैसे लग्जरी विला और अपार्टमेंट और बिजनेस बे और SLS होटल रेजिडेंस की प्रॉपर्टी
बुर्ज खलीफा में स्थित अपार्टमेंट
बताया जा रहा है कि ये संपत्तियां अवैध कमाई से खरीदी गई थीं, जिन्हें अब जब्त कर लिया गया है।
गंभीर आरोप: सट्टेबाजी और धोखाधड़ी
ईडी के अनुसार, सौरभ चंद्राकर और उसके सहयोगी रवि उप्पल पर महादेव ऐप के जरिए बड़े स्तर पर ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क चलाने और लोगों से धोखाधड़ी करने के आरोप हैं।
यह नेटवर्क देश-विदेश में फैला हुआ था और इसके जरिए भारी रकम की मनी लॉन्ड्रिंग की गई।
फरार आरोपियों पर नजर, प्रत्यर्पण की तैयारी
जांच एजेंसी के मुताबिक सौरभ चंद्राकर इस समय UAE में मौजूद है, जबकि रवि उप्पल के वानुअतु भागने की जानकारी सामने आई है।
दोनों आरोपियों को भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
नेताओं और अधिकारियों पर भी संदेह
इस हाई-प्रोफाइल मामले में छत्तीसगढ़ के कुछ नेताओं और अधिकारियों की भूमिका पर भी संदेह जताया गया है। ईडी इस एंगल से भी जांच कर रही है।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
गौरतलब है कि इससे पहले जनवरी में भी ईडी ने इस मामले में 21.45 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की थीं। अब की कार्रवाई को अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
