दस साल बाद तैयार हुआ मां बम्लेश्वरी परिक्रमा पथ : डॉ. रमन सिंह और मंत्री केदार कश्यप ने किया लोकार्पण

मां बम्लेश्वरी परिक्रमा पथ

मां बम्लेश्वरी परिक्रमा पथ

डोंगरगढ़: धर्मनगरी डोंगरगढ़ में नवरात्रि के तीसरे दिन मां बम्लेश्वरी धाम में एक विशेष अवसर पर आस्था और राजनीति का संगम देखने को मिला। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और वन मंत्री केदार कश्यप मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन किए और प्रदेश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर करोड़ों की लागत से तैयार किए गए मां बम्लेश्वरी पर्यावरण परिक्रमा पथ का भव्य लोकार्पण किया गया। इस कार्यक्रम में मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

साढ़े तीन किलोमीटर है पर्यावरण परिक्रमा पथ :

करीब साढ़े तीन किलोमीटर लंबे इस पर्यावरण परिक्रमा पथ की योजना डॉ. रमन सिंह के मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान डोंगरगढ़ प्रवास के समय बनी थी। उस समय वन विभाग को इसके निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। करीब एक दशक से चल रहे निर्माण कार्य के बाद अब यह पथ वर्ष 2025 में श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह तैयार हो चुका है। इस परिक्रमा पथ में छत्तीसगढ़ के प्रमुख तीर्थ स्थलों के साथ-साथ वन्य जीवों की झलक भी प्रस्तुत की गई है, जो इसे धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बनाता है।

मनोरंजन और स्वास्थ्य के लिहाज से भी लाभकारी :

इस पर्यावरण परिक्रमा पथ की लागत करोड़ों में है और यह श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय निवासियों के लिए मनोरंजन और स्वास्थ्य के लिहाज से लाभकारी साबित होगा। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि यह पथ तभी सार्थक होगा जब इसका वास्तविक उपयोग भक्तों और आम जनता द्वारा किया जाएगा। उन्होंने आशा जताई कि यह पथ मां बम्लेश्वरी धाम आने वाले लोगों के लिए एक नई धार्मिक एवं प्राकृतिक अनुभूति प्रदान करेगा।

Youthwings