झारखंड के लिए पर्यवेक्षकों की सूची जारी, प्रेमसाय सिंह टेकाम सहित तीन छत्तीसगढ़ से नेता बने कांग्रेस पर्यवेक्षक
Jharkhand
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने संगठन सृजन अभियान के तहत झारखंड में जिला कांग्रेस कमेटी (DCC) अध्यक्षों के चयन के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर दी है। जारी सूची में 25 नेताओं के नाम शामिल हैं, जिनमें छत्तीसगढ़ से भी तीन बड़े चेहरे जगह बनाने में कामयाब रहे हैं। इनमें पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता प्रेमसाय सिंह टेकाम, राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम और पूर्व मंत्री मोहन मरकाम का नाम प्रमुख है।
छत्तीसगढ़ से तीन नेताओं को मिली जगह
झारखंड के लिए घोषित 25 पर्यवेक्षकों की सूची में छत्तीसगढ़ से तीन नेताओं को शामिल किया गया है। प्रेमसाय सिंह टेकाम छत्तीसगढ़ की राजनीति में चार दशक से सक्रिय हैं और कई बार विधायक तथा मंत्री रह चुके हैं। पिछली बार कांग्रेस ने उन्हें विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं दिया था, लेकिन अब संगठनात्मक जिम्मेदारी देकर पार्टी ने उनके अनुभव का लाभ उठाने की कोशिश की है। टेकाम के नाम को झारखंड की राजनीति में बतौर पर्यवेक्षक भेजे जाने को कांग्रेस के भरोसे और संगठनात्मक संतुलन साधने की कोशिश माना जा रहा है। इसके बाद फूलो देवी नेताम राज्यसभा सांसद हैं और आदिवासी समाज से ताल्लुक रखती हैं, वहीं मोहन मरकाम छत्तीसगढ़ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व मंत्री रह चुके हैं। इन तीनों नेताओं की मौजूदगी से साफ है कि झारखंड में संगठन को मजबूत करने के लिए पार्टी छत्तीसगढ़ मॉडल का सहारा लेना चाहती है।
पूरी सूची में शामिल नाम
इस सूची में मनिकराव ठाकरे, विजय इंदर सिंगला, यशोमति ठाकुर, सुधीप रॉय बर्मन, डॉ. अमी याज्ञिक, श्याम कुमार बर्वे, एच. एस. लकी, प्रभु टोकिया, आर. सी. खुंटिया, डॉ. रघु शर्मा, सुनील केदार, अरुण यादव, सरजिता लैटफलांग, सज्जन सिंह वर्मा, अब्दुल खालिक, हिना कावरे, मलेंद्र राजन, दिनेश गुर्जर, अनंत पटेल, इमरान खेड़ावाला, बिस्वरंजन मोहंती और सूरज सिंह ठाकुर जैसे नाम भी शामिल हैं।

संगठन सृजन अभियान में बढ़ेगी सक्रियता
कांग्रेस का मानना है कि इस अभियान के तहत नियुक्त पर्यवेक्षक जिला स्तर पर नए अध्यक्षों का चयन करेंगे, जिससे पार्टी का ढांचा मजबूत होगा और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ेगी।
