शराब घोटाला केस: सौम्या चौरसिया 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल, ED ने कोर्ट में किया पेश
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पूर्व मुख्यमंत्री की उप सचिव रहीं सौम्या चौरसिया को कोर्ट में पेश किया। उनकी पुलिस रिमांड अवधि पूरी होने के बाद अदालत ने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया। सुनवाई के दौरान न तो बचाव पक्ष ने जमानत याचिका दाखिल की और न ही ED ने दोबारा पुलिस रिमांड की मांग की।
ED का आरोप है कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में मुख्यमंत्री की सचिव रहते हुए सौम्या चौरसिया ने शराब घोटाले के जरिए करीब 115 करोड़ रुपये की अवैध कमाई की। एजेंसी के मुताबिक, उन्होंने मनमानी नियुक्तियों के जरिए पूरे घोटाले को संरक्षण और बढ़ावा दिया। इस कार्रवाई को सौम्या चौरसिया के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
इस मामले में ED को पूछताछ के दौरान कई अहम सुराग मिले हैं। इन्हीं इनपुट्स के आधार पर पूर्व आबकारी आयुक्त निरंजन दास को भी प्रोडक्शन रिमांड पर कोर्ट में पेश करने की तैयारी है। ED निरंजन दास की कस्टोडियल रिमांड की मांग करेगी। फिलहाल वह EOW की FIR के तहत जेल में बंद हैं।
गौरतलब है कि ED ने सौम्या चौरसिया को 16 दिसंबर को PMLA 2002 के तहत गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया है कि छत्तीसगढ़ शराब घोटाले से राज्य के खजाने को भारी नुकसान हुआ और करीब 2500 करोड़ रुपये से अधिक की आपराधिक आय अर्जित की गई। मामले में ED की जांच लगातार जारी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।
