मूसेवाला, बाबा सिद्दीकी और सलमान के घर फायरिंग का आरोपी अनमोल बिश्नोई अमेरिका से भारत लाया जा रहा
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई अनमोल बिश्नोई को अमेरिका ने देश से बाहर निकाल दिया है और उसे भारत प्रत्यर्पित (Deport) किया जा रहा है। सेंट्रल एजेंसियों और दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच के लिए इसे एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है, क्योंकि भारत सरकार लंबे समय से उसके प्रत्यर्पण की कोशिश में लगी हुई थी। सूत्रों के अनुसार, कुख्यात गैंगस्टर अनमोल को 19 नवंबर तक भारत लाए जाने की उम्मीद है।
अनमोल बिश्नोई के खिलाफ देश भर के कई राज्यों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ यह एक बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है, क्योंकि अमेरिका में बैठकर वह भारत में आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
कौन है अनमोल बिश्नोई और क्या हैं आरोप?
अनमोल बिश्नोई गैंगस्टर लॉरेंस का सगा भाई है और लॉरेंस गैंग के हर ऑपरेशन का ज़िम्मा भी उसी पर हुआ करता था। उसे भारत लाया जाना लॉरेंस के लिए एक बड़ी चोट से कम नहीं है।
अनमोल के खिलाफ 18 मामले दर्ज हैं, जिनमें मुख्य रूप से निम्न हाई-प्रोफाइल अपराधों में उसकी संलिप्तता है:
सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड: मूसेवाला की हत्या के लिए हथियार और रसद मुहैया कराना शामिल है।
सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग (अप्रैल): मुंबई के बांद्रा में हुई इस गोलीबारी की ज़िम्मेदारी अनमोल बिश्नोई ने ली थी।
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड (अक्टूबर 2024): एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या का वह मास्टरमाइंड और मुख्य साजिशकर्ता है, और वह शूटरों के भी संपर्क में था।
एनआईए ने घोषित किया था 10 लाख का इनाम
अनमोल बिश्नोई को एनआईए (NIA) ने मोस्ट वांटेड बताते हुए उस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था। वहीं, मुंबई पुलिस ने भी उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी कर रखा था।
ज्ञात हो कि 2024 में उसे अमेरिका में हिरासत में लिया गया था। उसका डिपोर्ट होना भारत की कानून प्रवर्तन एजेंसियों की एक बड़ी सफलता है।
