संसद के मानसून सत्र का अंतिम दिन, राज्यसभा में पेश होगा गेमिंग बिल, हंगामे के आसार
नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र का आज आखिरी दिन है, लेकिन इसके शांतिपूर्वक खत्म होने की संभावना कम ही दिखाई दे रही है। विपक्ष ने संकेत दिए हैं कि आज भी दोनों सदनों में जोरदार हंगामा हो सकता है। इसी बीच सरकार आज राज्यसभा में ऑनलाइन गेमिंग (प्रोत्साहन एवं विनियमन) विधेयक, 2025 पेश करने की तैयारी में है। यह विधेयक लोकसभा से पहले ही पारित हो चुका है।
BJP ने जारी किया व्हिप
भारतीय जनता पार्टी ने अपने सांसदों को आज सदन में उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए व्हिप जारी किया है। माना जा रहा है कि सरकार चाहती है कि गेमिंग बिल और अन्य महत्वपूर्ण विधेयक राज्यसभा में बिना किसी अड़चन के पारित हो जाएं।
130वें संविधान संशोधन पर टकराव
संसद में आज का सबसे बड़ा मुद्दा 130वें संविधान संशोधन बिल हो सकता है, जिसमें प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मंत्रियों को गंभीर अपराधों में दोषी पाए जाने पर पद से हटाने का प्रावधान है। यह बिल लोकसभा में पेश होने के बाद संयुक्त संसदीय समिति (JPC) को भेज दिया गया है, लेकिन इस पर सत्ता और विपक्ष के बीच जमकर सियासत जारी है।
बिहार SIR पर भी टकराव
विपक्ष लगातार बिहार SIR पर चर्चा की मांग कर रहा है। बीते दिनों विपक्ष के विरोध और नारेबाजी के चलते सदन की कार्यवाही कई बार बाधित हुई। संभावना है कि आज भी यह मुद्दा संसद की कार्यवाही में बाधा डालेगा।
विपक्ष का हंगामा और कॉपियां फाड़ना
लोकसभा में बुधवार को गृह मंत्री अमित शाह द्वारा तीन विधेयक पेश किए जाने के बाद विपक्षी सांसदों ने जमकर हंगामा किया और बिल की कॉपियां फाड़कर सदन में उछाल दीं। इसी दौरान ऑनलाइन मनी गेम्स पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने वाला ‘ऑनलाइन गेमिंग प्रमोशन और रेगुलेशन बिल, 2025’ भी लोकसभा से पारित हुआ।
