राज्यसभा चुनाव में लक्ष्मी वर्मा और फूलोदेवी नेताम निर्विरोध निर्वाचित
राज्यसभा चुनाव
राज्यसभा के लिए भारतीय जनता पार्टी की लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस की फूलोदेवी नेताम को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया है। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद लक्ष्मी वर्मा ने अपना निर्वाचन प्रमाण पत्र प्राप्त कर लिया है, जबकि फूलोदेवी नेताम भी जल्द ही प्रमाण पत्र लेने वाली हैं। निर्वाचन के बाद लक्ष्मी वर्मा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात करने भी पहुंचीं और उन्हें धन्यवाद दिया।
नामांकन के अंतिम दिन दाखिल किए गए थे पर्चे
बताया जा रहा है कि राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने लक्ष्मी वर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया था, जबकि कांग्रेस ने फूलोदेवी नेताम को एक बार फिर राज्यसभा भेजने का निर्णय लिया था। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 5 मार्च को दोनों उम्मीदवारों ने विधानसभा में राज्यसभा चुनाव के रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। इस दौरान दोनों ही दलों के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे थे।
छत्तीसगढ़ के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का संकल्प
निर्वाचित होने के बाद लक्ष्मी वर्मा ने पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक सामान्य कार्यकर्ता पर भरोसा जताते हुए उन्हें इतना बड़ा अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लंबे समय से महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए काम कर रही है और उसी सोच के तहत उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने बताया कि पार्षद रहते हुए उन्होंने क्षेत्र के विकास और महिलाओं के कौशल विकास के लिए कई प्रयास किए हैं।
महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए करेंगी काम
लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि वह आज भी सादगीपूर्ण जीवन जीना पसंद करती हैं और खुद अपने कपड़े सिलकर पहनती हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उनके कार्यों को पहचानते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्यसभा में पहुंचने के बाद वह छत्तीसगढ़ के हितों को मजबूती से राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का प्रयास करेंगी और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार काम करेंगी।
