राजधानी में कृष्ण जन्मोत्सव का उल्लास: फूलों से सजा श्रीराधा कृष्ण मंदिर, रात 12 बजे 56 भोग अर्पित कर की जाएगी महाआरती

कृष्ण जन्मोत्सव

कृष्ण जन्मोत्सव

रायपुर | राजधानी रायपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 2025 का पर्व धार्मिक उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जा रहा है। शहर के प्रमुख मंदिरों में विविध आयोजन हो रहे हैं, जो श्रद्धालुओं के लिए भक्ति, संस्कृति और स्वाद का अद्वितीय संगम प्रस्तुत कर रहे हैं।

इस्कॉन मंदिर में तीन दिवसीय महोत्सव, भक्ति संगीत की गूंज

टाटीबंध स्थित इस्कॉन मंदिर में जन्माष्टमी का तीन दिवसीय महोत्सव चल रहा है। कार्यक्रम में दिल्ली और वृंदावन से आए कलाकारों द्वारा “लीला द स्पिरिचुअल रॉक बैंड” की संगीतमय प्रस्तुति शाम 6:30 बजे होगी। सुबह 11 बजे से हरिनाम कीर्तन और दर्शन की व्यवस्था सुबह 9 बजे से रात 2 बजे तक की गई है।

जैतूसाव मठ में 11 क्विंटल मालपुआ और पंजीरी का भोग

पुरानी बस्ती स्थित जैतूसाव मठ में भगवान श्रीकृष्ण को 11 क्विंटल मालपुए और 51 किलो पंजीरी का भोग चढ़ाया जाएगा। शनिवार रात 8 बजे से भजन संध्या का आयोजन होगा और रात 12 बजे जन्म आरती के साथ उत्सव अपने चरम पर पहुंचेगा। रविवार को दोपहर 1 बजे राजभोग आरती और शाम 5 बजे से प्रसाद वितरण किया जाएगा।

श्री बांके बिहारी मंदिर: 156 साल पुरानी परंपरा के साथ भव्य साज-सज्जा

नयापारा स्थित 156 वर्ष पुराने श्री बांके बिहारी मंदिर को इस बार विशेष रूप से सजाया गया है। सुबह 8 बजे दुग्धाभिषेक, 11 बजे शृंगार आरती और भजन संध्या में गायक कैलाश सोनी और गंगा अग्रवाल अपने भजनों से वातावरण को भक्तिमय बनाएंगे।

चिंताहरण हनुमान मंदिर में झांकी और भजन

इस मंदिर को फूलों से सजाया गया है। रात 8 बजे से गायक मनोज शर्मा की प्रस्तुति के साथ श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी दिखाई जाएगी। सुबह से ही प्रसाद वितरण और झूला उत्सव की शुरुआत हो चुकी है।

खाटू श्याम मंदिर में भजनों की रात

यहां दिनभर दर्शन की व्यवस्था है, जबकि रात 7:30 से 12:30 बजे तक मुंबई से आए कलाकारों — नम्रता करवा, अमन अग्रवाल और गोविंद दमानी के भजन कार्यक्रम आयोजित होंगे। 56 भोग अर्पित कर महाआरती की जाएगी।

गोपीदास मंदिर और दूधाधारी मठ में विशेष कार्यक्रम

गोपीदास मंदिर में वृंदावन के भागवताचार्य राजवनयन शरण की उपस्थिति में 17 अगस्त की सुबह 10 बजे तक कीर्तन का आयोजन जारी रहेगा। दूधाधारी मठ में धनिया की पंजीरी तैयार की जा रही है, जिसमें महंत डॉ. रामसुंदर दास और अन्य सेवादार जुटे हुए हैं। यह प्रसाद श्रद्धालुओं को रविवार को वितरित किया जाएगा।

सिटी कोतवाली में विशेष आयोजन: कारागार में श्रीकृष्ण का जन्म

सिटी कोतवाली में आज रात विशेष रूप से कारागार में ठाकुरजी का जन्म दृश्य प्रदर्शित किया जाएगा। इसके बाद वासुदेव जी टोकरी में बालकृष्ण को लेकर निकटवर्ती सदर बाजार के गोपाल मंदिर तक पदयात्रा करेंगे, जहां श्रीकृष्ण के जयकारों के बीच भगवान का स्वागत होगा।

Youthwings