Korba Suicide News: घर से निकली युवती का अगली सुबह हसदेव डैम में मिला शव, आखिर ऐसा क्या हुआ कि उठा लिया खौफनाक कदम?
Korba Suicide News: घर से लापता 30 वर्षीय युवती का शव हसदेव डैम में मिला, आत्महत्या की आशंका
Korba Suicide News: सोमवार को घर से निकली युवती मंगलवार सुबह हसदेव डैम में मृत मिली। आखिर ऐसा क्या हुआ कि उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया? पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है, जबकि इस घटना ने डैम की सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
Korba Suicide News: घर से निकली युवती का अगली सुबह हसदेव डैम में मिला शव, आखिर ऐसा क्या हुआ कि उठा लिया खौफनाक कदम?
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। दर्री क्षेत्र स्थित हसदेव डैम में 30 वर्षीय युवती का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवती ने डैम के 10 नंबर गेट से करीब 30 फीट ऊंचाई से छलांग लगाकर जान दे दी। हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
घर से लापता हुई थी युवती
मृतका की पहचान नंदनी मेहर (30 वर्ष) निवासी नीलगिरि सिंचाई कॉलोनी, दर्री थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, नंदनी सोमवार सुबह करीब 11 बजे घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिवार ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
मंगलवार सुबह डैम में मछली पकड़ रहे मछुआरों की नजर पानी में तैरते शव पर पड़ी। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
शव देखकर बदहवास हुए परिजन
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में डैम पहुंच गए। मृतका के छोटे भाई ने बताया कि नंदनी की अभी शादी नहीं हुई थी और वह पार्लर का काम सीखने जाती थी। सुबह सूचना मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचा तो बहन का शव देखकर सदमे में आ गया।
घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

आत्महत्या की वजह अब भी रहस्य
पुलिस के अनुसार, युवती ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है। मामले की जांच जारी है। पुलिस मृतका के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
हसदेव डैम की सुरक्षा पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि हसदेव डैम में इससे पहले भी कई आत्महत्या और हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। ग्रामीणों ने डैम पर सुरक्षा बढ़ाने, बैरिकेडिंग और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आत्महत्या के पीछे की वजह जानने की कोशिश कर रही है।
यह भी पढ़ें: Uttarakhand Road Accident: उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, 7 लोगों की दर्दनाक मौत
Uttarakhand Road Accident: उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, 7 लोगों की दर्दनाक मौत
